कानपुर-मंधना एलीवेटेड ट्रैक के चलते बदला कालिंदी एक्सप्रेस का रूट, अब इटावा-टूंडला होकर चलेगी ट्रेन
कानपुर में अनवरगंज से मंधना तक प्रस्तावित एलिवेटेड रेलवे ट्रैक निर्माण के कारण कालिंदी एक्सप्रेस का मार्ग बदला जाएगा।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद। कानपुर में अनवरगंज से मंधना तक एलीवेटेड रेलवे ट्रैक का निर्माण प्रस्तावित है। इस कारण प्रयागराज-भिवानी कालिंदी एक्सप्रेस को कानपुर-इटावा-टूंडला के रास्ते चलाया जाएगा। लंबी दूरी की अन्य ट्रेनों का रास्ता भी बदला जा सकता है।
यह जानकारी बुधवार दोपहर पूर्वोत्तर रेलवे इज्जत नगर के अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) मनोज कुमार ने दी। फर्रुखाबाद से गुजरने वाली अन्य लंबी दूरी की ट्रेनों के संचालन के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि अभी इस पर विचार-विमर्श चल रहा है, लेकिन कालिंदी का बंद होना तय है।
एलीवेटेड ट्रैक निर्माण के लिए रेलवे लगभग दो साल का मेगा ब्लाक की तैयारी में है। जुलाई से इस पर काम शुरू हो सकता है। कालिंदी के अलावा फर्रुखाबाद-छपरा उत्सर्ग एक्सप्रेस, सप्ताह में तीन दिन चलने वाली मथुरा-छपरा एक्सप्रेस सहित लंबी दूरी की अन्य ट्रेनों का संचालन भी बंद होने की आशंका जताई जा रही है।
