ट्रैक्टर ट्राली पकड़ने पर इंस्पेक्टर से थाने में भिड़े भाजपा नेता
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : मिट्टी से भरी ट्रैक्टर ट्राली पकड़ने पर मौके पर पहुंचे भाजपा
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : मिट्टी से भरी ट्रैक्टर ट्राली पकड़ने पर मौके पर पहुंचे भाजपा नेता की लेखपाल से कहासुनी हो गई। लेखपाल ने पुलिस को बुला लिया। इसके बाद ट्रैक्टर ट्राली थाने लाई गई। भाजपा नेता थाने आ गए। उन्होंने कार्यालय में बैठे चालक को हाथ पकड़कर उठाया और बाहर ले जाने लगे। इस पर उनकी इंस्पेक्टर से कहासुनी हो गई। पुलिस ने चालक को छुड़ाकर दोबारा बैठा लिया। गुस्साए भाजपा नेता ने एक विधायक को फोन लगाया। उधर से सही जवाब न मिलने पर उन्होंने कहा कि ऐसी पार्टी में रहने से क्या फायदा। वह देर शाम तक थाने में ही डटे रहे।
तहसील सदर के लेखपाल प्रवेश तोमर ने कायमगंज बाईपास के निकट मिट्टी से भरी ट्रैक्टर ट्राली पकड़ ली। जानकारी मिलने पर भाजपा के बढ़पुर मंडल अध्यक्ष रामआसरे राजपूत वहां पहुंचे। उनकी लेखपाल से कहासुनी हो गई। लेखपाल की सूचना पर मऊदरवाजा थाने के दारोगा स्वदेश कुमार सिपाही को लेकर वहां गए और ट्रैक्टर ट्राली को थाने ले आए। कुछ देर बाद भाजपा मंडल अध्यक्ष थाने आ धमके। गांव शमशेर नगर निवासी चालक लक्ष्मीकांत कार्यालय में बैठे थे। मंडल अध्यक्ष ने कहा कि चालक को अंदर बैठाने की हिम्मत किसने की। इस पर कार्यालय में मौजूद सिपाही व भाजपा नेता में नोकझोक हो गई। मंडल अध्यक्ष ने चालक का हाथ पकड़ा और उसे बाहर बुला लाए। पहरा ड्यूटी में खड़े होमगार्ड ने रोका तो उन्हें हड़का दिया। इसी बीच बाहर बैठे थाने के इंस्पेक्टर जयप्रकाश यादव की नजर पड़ गई। उन्होंने भाजपा नेता से कहा कि यह तरीका ठीक नहीं है। चालक को अंदर बैठा रहने दें, उसे फांसी नहीं हो रही है। मंडल अध्यक्ष ने जवाब दिया कि यह डकैत नहीं है। पुलिस पैसा लेकर खनन करा रही है, पहले उसे बंद किया जाए। अपने काम के लिए मिट्टी जा रही थी। दबंगई दिखाकर ट्रैक्टर ट्राली बंद की गई है। विधायक ने भी नहीं की मदद
पुलिस का कड़ा रुख देखकर भाजपा नेता ने एक विधायक को फोन लगाया और घटना की जानकारी दी। संतुष्ट न होने पर फोन पर ही कहा कि ऐसी पार्टी में रहने से क्या फायदा। इंस्पेक्टर ने बताया कि तहसीलदार के आदेश पर ट्रैक्टर ट्राली थाने लाई गई है। तहसीलदार प्रदीप कुमार ने बताया कि उन्हें अवैध खनन की सूचना मिली थी, लेखपाल को मौके पर भेजा था। रामआसरे राजपूत ने बताया कि उनके मामा के प्लाट पर मिट्टी डाली जानी थी। सरकार ने निजी काम के लिए दो-तीन ट्राली मिट्टी फावड़े से खोदने पर रोक नहीं लगाई है। उन्होंने पुलिस के सामने अपना पक्ष रख दिया है। खनन अधिकारी को भी अवगत करा देंगे।