पारिवारिक कलह में महिला ने फांसी लगाकर जान दी
जागरण संवाददाता फर्रुखाबाद पारिवारिक कलह में महिला ने मंगलवार सुबह मकान में फांसी लगा ली। खेत से लौटे पति ने उसे फंदे पर लटका देखकर नीचे उतारा और अस्पताल ले गया। चिकित्सक ने महिला को मृत घोषित कर दिया। शव घर लाए जाने पर कोहराम मच गया। दोपहर को पिता की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा भरा।
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : पारिवारिक कलह में महिला ने मंगलवार सुबह मकान में फांसी लगा ली। खेत से लौटे पति ने उसे फंदे पर लटका देखकर नीचे उतारा और अस्पताल ले गया। चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। शव घर लाए जाने पर कोहराम मच गया। दोपहर को पिता की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव रशीदपुर निवासी बालकराम की 45 वर्षीय पत्नी शशि ने सुबह मकान के कमरे में रस्सी से लटककर फांसी लगा ली। बालकराम खेत पर थे और घर में 10 वर्षीय पुत्र कौशल खेल रहा था। कुछ देर बाद बालकराम घर लौटे तो पत्नी को फंदे पर लटका देखा। उन्होंने रस्सी खोलकर शशि को नीचे उतारा। अन्य लोगों की मदद से शहर के मोहल्ला बीबीगंज स्थित एक नर्सिगहोम लेकर आए। चिकित्सक ने शशि को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के पिता शहर के मोहल्ला नौलक्खा निवासी बाबूराम, भाई हरिओम व अन्य परिजन भी मौके पर पहुंचे। बाबूराम ने पुलिस को पुत्री के फांसी लगाने की सूचना दी। मृतका के भाई हरिओम ने बताया कि उनकी छोटी बहन की शादी कायमगंज में हुई है। छोटी बहन के घर सोमवार को एक कार्यक्रम था। जिसमें परिजन व रिश्तेदार गए थे। बड़ी बहन शशि भी उसमें गई थीं। इसी को लेकर शशि व उसके पति के बीच देर शाम कुछ कहासुनी हो गई थी। जिसके चलते बहन ने खुदकशी कर ली। शशि के तीन बेटियां व दो पुत्र हैं। एक बेटी की शादी हो चुकी है।