पुत्र को जबरन ले गया पति, महिला ने फांसी लगाकर जान दी
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : दहेज उत्पीड़न से परेशान महिला चार माह से मायके में रह रह
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : दहेज उत्पीड़न से परेशान महिला चार माह से मायके में रह रही थी। छह दिन पहले पति पुत्र को जबरन छीन ले गया। इससे दुखी महिला ने गुरुवार को कमरा बंद कर फांसी लगाकर जान दे दी।
मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव सिरमौरा तराई निवासी शिवदत्त बाथम की पुत्री शांति देवी (22) ने सुबह कमरा बंदकर फांसी लगा ली। इससे उसकी मौत हो गयी। शाम को शिवदत्त ने थाने आकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने जनपद एटा कोतवाली अलीगंज के गांव बजेरा निवासी विजय व उसके परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। रिपोर्ट के अनुसार शिवदत्त ने पुत्री शांति देवी की शादी दो साल पहले विजय के साथ की थी। शादी के बाद से दहेज की मांग कर शांति देवी का ससुरालीजन उत्पीड़न करने लगे। मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। जिस कारण वह चार माह से मायके में रह रही थी। दहेज उत्पीड़न का मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है। शांति देवी के एक वर्ष का पुत्र शिवा है। 15 सितंबर को विजय ससुराल आया और शांतिदेवी से मारपीट कर पुत्र को जबरन छीन ले गया। जिससे वह दुखी थी। इसी के चलते उसने खुदकशी कर ली। थाना प्रभारी दधिबल तिवारी ने बताया कि शव का पंचानामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर विवेचना शुरू कर दी गई है।