सैकड़ों हेक्टेयर फसल जलमग्न, लगाया जाम
संवाद सहयोगी बिधूना तहसील के ग्राम सराय कछवाह के पास गांगसी रजवाह में कमजोर बांध बंधने
संवाद सहयोगी, बिधूना : तहसील के ग्राम सराय कछवाह के पास गांगसी रजवाह में कमजोर बांध बंधने की वजह से पानी ओवरफ्लो होकर खांदी से कई गांवों में आ गया। इससे पहले किसान कुछ समझ पाते सैकड़ों हेक्टेयर फसल जलमग्न हो गई। नुकसान से आक्रोशित किसानों ने किशनी मार्ग पर बैठकर जाम लगा दिया। इससे करीब आधा घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
मामले की जानकारी जैसे की एसडीएम रमापति को हुई, वह तुरंत किशनी मार्ग पहुंचें और किसानों को समझाया, लेकिन वह कुछ सुनने को तैयार नहीं थे। इस पर एसडीएम ने एरवाकटरा थाना प्रभारी विष्णु गौतम को भेजकर ग्रामीणों को समझाया बुझाया और जाम खुलवाया। एसडीएम ने सभी पीड़ित किसानों को नुकसान का मुआवजा दिलाने का आश्वासन भी दिया। इसके बाद किसानों का गुस्सा ठंडा हुआ।
कस्बा निवासी तुलाराम, राघवेंद्र सिंह, शैलेंद्र कुमार, राम लली, राम सिंह, लाखन सिंह शाक्य आदि किसानों ने बताया कि गांगसी रजवाह में कुलावा नंबर 195-196 के बीच हुई खांदी से कस्बा, बहादुरपुर, सराय कछवाह की गेहूं, सरसों, लहसुन, प्याज की सैकड़ों हेक्टेयर फसल जलमग्न हो गई। इससे उनकी पूरी मेहनत बेकार होने के साथ ही रुपयों का नुकसान हो गया। लेखपाल पंकज पुष्कर, सुप्रिया सिंह ने पहुंचकर जल प्लावन से हुई क्षति का आंकलन तैयार किया। इसके बाद अधिकारियों ने जेसीबी की मदद से खांदी को बंद करवाया।