हेड कांस्टेबल ने आरआई से की अभद्रता, हंगामा
पुलिस लाइन फतेहगढ़ के हेड कांस्टेबल ने शराब के नशे में आरआई के साथ मारपीट कर दी। घायलावस्था में 10
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : पुलिस लाइन फतेहगढ़ के हेड कांस्टेबल ने शराब के नशे में आरआई (प्रतिसार निरीक्षक) से अभद्रता कर दी। इस पर सिपाही से भी मारपीट की गई। इससे वह घायल हो गया। एंबुलेंस से उसे लोहिया अस्पताल लाया गया। यहां इलाज के दौरान हेड कांस्टेबल ने इमरजेंसी कक्ष में जमकर हंगामा किया। चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मचारियों के साथ गालीगलौज भी किया। चिकित्सक ने हेड कांस्टेबल के शराब के नशे में होने की पुष्टि की है।
पुलिस लाइन में तैनात इटावा जिले के थाना भरथना क्षेत्र के गांव पाली निवासी हेड कांस्टेबल हरिओम दुबे पुलिस लाइन में रह रहा है। सोमवार देर शाम आरआई किसवर अली से कांस्टेबल हरिओम दुबे का विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर हरिओम दुबे ने आरआई से अभद्रता कर दी। घटना की जानकारी मिलने पर अन्य पुलिसकर्मी मौके पर आए और हरिओम दुबे को एंबुलेंस से लोहिया अस्पताल ले आए। लोहिया अस्पताल में भी कांस्टेबल ने गालीगलौज व हंगामा शुरू कर दिया। सिपाही का आरोप था कि आरआई के कहने पर कुछ सिपाहियों ने उसे पीट दिया, इससे वह घायल हो गया। आकस्मिक सेवा में तैनात डॉ. अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि हेड कांस्टेबल हरिओम दुबे शराब के नशे में हैं। वहीं आरआई किसवर अली ने बताया कि शराब के नशे में हेड कांस्टेबल हरिओम दुबे ने उनके साथ अभद्रता की। नशे के कारण वह गिरकर घायल हो गया। इस पर उन्होंने हरिओम को एंबुलेंस से लोहिया अस्पताल भिजवाया। समाचार लिखे जाने तक हेड कांस्टेबल लोहिया अस्पताल में हंगामा कर रहा था। हंगामे के कारण लोहिया अस्पताल की आकस्मिक सेवा कक्ष में अफरा-तफरी मच गई।