गोली मारकर पत्नी की हत्या के बाद खुद भी लगाई फांसी
जागरण संवाददाता (फर्रुखाबाद) गांव बघौना में एक दंपती के बीच आए दिन होने वाले झगड़े का
जागरण संवाददाता, (फर्रुखाबाद) :
गांव बघौना में एक दंपती के बीच आए दिन होने वाले झगड़े का अंत दोनों की मौत के साथ हुआ। रविवार सुबह जब बच्चे जागे तो मां को लहूलुहान हालत में पड़ा पाया तो पिता को फांसी के फंदे से लटकते। दोनों की सांसें थम चुकी थीं। विवाहिता के मायके वालों का आरोप है, दामाद ने बेटी की गोली मारकर हत्या करने के बाद खुद भी फांसी लगा ली। पुलिस भी यही मान रही है। युवक के घरवालों का कहना है कि रात में न तो झगड़े की आवाज सुनी, न ही गोली चलने की। पुलिस को भी मौके से असलहा नहीं मिला है।
पुलिस के मुताबिक 32 वर्षीय सतेंद्र कुमार पाल का शनिवार रात 28 वर्षीय पत्नी रिकी देवी से विवाद हो गया। सतेंद्र ने रिकी की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद कमरे की छत के कुंडे में दुपट्टे के फंदे से लटककर फांसी लगा ली। सुबह छह वर्षीय पुत्र आयुष व तीन वर्षीय अंकुर कुमार ने जागने पर मां और पिता को मृत पाया। बच्चों ने बाहर आकर बरामदे में लेटे बाबा यदुवीर पाल और दादी सुधा देवी को सूचना दी। यदुवीर सिंह और सुधा देवी बहू और बेटे के शव देखकर बिलखने लगे। एक साथ दो शव देखकर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। बबना चौकी प्रभारी विनोद कुमार, हल्का इंचार्ज नितिन कुमार और उपनिरीक्षक आशू कुमार मौके पर पहुंचे। थाना मेरापुर के गांव महमदपुर कुरार निवासी रिकी के पिता हुकूम सिंह को घटना की सूचना दी गई। रिकी के भाई अभिषेक कुमार, मां विनीता देवी, चाचा दीप सिंह सहित अन्य स्वजन गांव पहुंच गए। दोपहर बाद क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद सोहराब आलम और थाना प्रभारी पूनम जादौन ने पहुंचकर छानबीन की। यदुवीर सिंह ने बताया कि शाम को पुत्र व पुत्रवधू अंदर कमरे में सो रहे थे। दोनों बच्चे हमारे साथ बाहर सो रहे थे। दोनों में हुए विवाद की जानकारी नहीं है। न गोली चलने की आवाज सुनी थी। विवाहिता के भाई और चाचा ने बताया कि रिकी की शादी नौ वर्ष पूर्व हुई थी। अक्सर सतेंद्र का नशे की हालत में रिकी से विवाद होता था। शनिवार रात को भी विवाद हुआ तो सतेंद्र ने रिकी की गोली मारकर हत्या कर दी। उसके बाद खुद भी फांसी लगा ली। क्षेत्राधिकारी के मुताबिक प्रारंभिक जांच में पत्नी की गोली मारकर हत्या के बाद पति के फांसी लगाकर जान देने की घटना प्रतीत हो रही है। शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाही होगी। आखिर कहां गया असलहा, होती रही चर्चा
संवाद सूत्र, नवाबगंज (फर्रुखाबाद): गांव बघौना निवासी सतेंद्र कुमार पाल ने शनिवार पत्नी रिकी देवी की गोली मारकर हत्या कर खुद भी फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने कमरे में घटना में प्रयुक्त असलहे की खोजबीन की, लेकिन नहीं मिल सका। घटना के बाद आखिर सतेंद्र ने असलहा कहां रख दिया, इसकी जानकारी न तो स्वजन ने दी और न ही पुलिस को कमरे से हथियार बरामद हुआ। घटना में प्रयुक्त हथियार न मिलना लोगों मे चर्चा का विषय बना रहा। बबना चौकी प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि कमरे से कोई असलहा बरामद नहीं हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच की जाएगी। दोनों पक्षों में हुई जमीन नाम कराने की पंचायत
रिकी के मायके पक्ष के लोगों ने मौके पर पहुंचकर पंचायत शुरू की। दोनों पक्षों में दोपहर बाद तक समझौते का प्रयास चलता रहा। मायके पक्ष के लोगों ने दंपती के पुत्रों के नाम जमीन करने का दबाव बनाया। इस पर सहमति होने पर पुलिस दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज सकी।