मुफ्त मिलेगी शिक्षा, घरेलू बिजली व 50 लाख तक का बिना गारंटी ऋण
जागरण संवाददाता फर्रुखाबाद नौ पार्टियों के भागीदारी संकल्प मोर्चा की संयुक्त कार्यकर्ता बैठक
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : नौ पार्टियों के भागीदारी संकल्प मोर्चा की संयुक्त कार्यकर्ता बैठक बुधवार को शहर के ठंडी सड़क स्थित एक सभागार में संपन्न हुई। इस अवसर पर पूर्व मंत्री व भारतीय सुहेलदेव समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि 2022 में मोर्चा की सरकार बनना तय है। वह पहली बैठक में ही मुफ्त व समान शिक्षा, मुफ्त घरेलू बिजली देंगे। इसके अलावा बेरोजगारी दूर करने को 50 लाख तक का ऋण बिना गारंटी दिलाएंगे।
ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि भाजपा झूठ बोलकर शासन कर रही है। देश में 6743 जातियों को बांट दिया गया। हर जाति में अलग-अलग वर्ण बनाए गए। जबकि देश में एकमात्र जाति स्त्री और पुरुष होनी चाहिए। 2022 में मोर्चा की सरकार बनेगी। संसद में 191 सांसद पिछड़े वर्ग के हैं। 18 फीसद आबादी निषाद, कश्यप, मल्लाह समाज की है। फिर भी इस समाज में दारोगा से लेकर अधिकारियों तक का टोटा है। 2022 में सरकार बनने के बाद वह पहली कैबिनेट बैठक में ही समान पाठ्यक्रम व मुफ्त शिक्षा लागू करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को नमो कश्यप का मंत्र देकर सस्ता कुर्ता, पैजामा सिलवाने के लिए कहा। उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर प्रहार किए। पार्टी के नेता बाबूराम ने सपा, भाजपा व बसपा पर करारे प्रहार किए। एआइएमआइएम के जिलाध्यक्ष हाजी अकरम, सुहेलदेव पार्टी के जिलाध्यक्ष संदेश कश्यप, प्रेमचंद्र कश्यप आदि मौजूद रहे। पूर्व मंत्री ने घोषणा की कि पांच अप्रैल को महर्षि कश्यप की जयंती पर मैनपुरी में बड़ा कार्यक्रम होगा, जिसमें मोर्चा की सभी पार्टियों के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौजूद रहेंगे।