चूल्हे की चिगारी से लगी आग, तीन घरों की गृहस्थी जली
संवाद सूत्र कंपिल खाना बनाते समय चूल्हे से निकली चिगारी ने तीन घरों को जला दिया। ग्रामीणों न
संवाद सूत्र, कंपिल : खाना बनाते समय चूल्हे से निकली चिगारी ने तीन घरों को जला दिया। ग्रामीणों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। आग में हजारों रुपये की नकदी व सामान जल गया।
थाना क्षेत्र के गांव पथरामई निवासी रामवीर सिंह की पत्नी रविवार सुबह करीब 10.30 बजे चूल्हे पर खाना बना रही थीं। तभी आई तेज हवा के झोंके से चूल्हे से उठी चिगारी से उनकी झोपड़ी में आग लग गई। परिजनों ने आनन-फानन आग बुझाने का प्रयास किया। आग ने पड़ोस में ही विनोद सिंह व यादराम की झोपड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग में कपड़े, हजारों रुपये की धनराशि व अन्य जरूरी सामान भी जल गया। ग्रामीणों ने लगभग डेढ़ घंटे बाद आग पर काबू पाया। आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड कर्मचारियों को भी दी गयी, लेकिन दमकल नहीं पहुंची। जिससे ग्रामीणों में काफी रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने पंपिग सेट चलाकर बमुश्किल विकराल आग पर काबू पाया। फायर ब्रिगेड को किसी ने सूचना ही नहीं दी। घटना की सूचना तहसील प्रशासन को दे दी गयी है। बाढ़ में कट चुके अग्निपीड़ितों के घर
अग्निपीड़ितों का कहना है कि एक तो उन लोगों का सब कुछ बाढ़ में बर्बाद हो गया था। जैसे तैसे जोड़जाड़ कर गुजर बसर कर रहे थे, लेकिन आगजनी की घटना से वह लोग दाने दाने को मोहताज हो गए हैं। सामने होली का त्योहार आ रहा है जिसमें बड़ी समस्या का सामना करना पड़ेगा। बहरहाल तीनों अग्निपीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे जीवन बिताने को विवश हो गए हैं। रामवीर ने बताया कि इस गांव पर पता नहीं किसकी नजर लगी जो पहले विनाशकारी बाढ़ लील ले गयी, जो कुछ बचा था वो आग लगने से खत्म हो गया। अग्निपीड़ित परिवार के लिए सर छुपाने के लिए कुछ नहीं रह गया है। एसडीएम अनिल कुमार ने बताया कि मामले की जांच कर पीड़ितों की सहायता की जाएगी।