किशोरी के अपहरण में आरोपित का पिता गिरफ्तार
संवाद सूत्र कमालगंज पुलिस ने किशोरी के अपहरण के मामले में मुख्य आरोपित के पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। हालांकि अभी तक किशोरी की बरामदगी नहीं की जा सकी है और न ही मुख्य आरोपित पुलिस के हाथ लगा।
संवाद सूत्र, कमालगंज : पुलिस ने किशोरी के अपहरण के मामले में मुख्य आरोपित के पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। हालांकि अभी तक किशोरी की बरामदगी नहीं की जा सकी है और न ही मुख्य आरोपित पुलिस के हाथ लगा।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी ग्रामीण ने पुत्री को ले जाने के मामले में सिगुरापुर निवासी कांती देवी, उर्मिला, हरिओम, मेरापुर थाना क्षेत्र के गांव सियाराम का नगला निवासी राजकिशोर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने जांच के दौरान नामजदगी को गलत मानते हुए जनपद कासगंज थाना पटियाली क्षेत्र के गांव सहजीत का नगला निवासी कमलेश कुमार, उनके पिता सुरेश चंद को आरोपित बना दिया। किशोरी को ले जाने का आरोप राजकिशोर राजपूत पर था, लेकिन पुलिस के मुताबिक किशोरी को ले जाने वाला कमलेश है। इस मामले में पुलिस विगत 16 अगस्त को सुरेश चंद्र को पकड़ लाई। इसी बीच पुलिस को पता चला कि दबिश के चलते सुरेश चंद्र के भाई राजेंद्र ने खुदकशी कर ली है। सूचना के बाद पुलिस सुरेश को चुपचाप वापस उसके घर सहजीत नगला छोड़ आई। मामला ठंडा होने पर शनिवार रात को पुलिस सुरेश चंद्र को फिर पकड़ लाई। रविवार को पुलिस ने सुरेश चंद्र को जेल भेज दिया। हालांकि अभी किशोरी की बरामदगी और मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। थानाध्यक्ष जसवंत सिंह ने बताया कि किशोरी की लोकेशन एटा में मिली हैं। उसकी बरामदगी का प्रयास किया जा रहा है।