फर्रुखाबाद ओडीएफ घोषित, फिर भी नहीं टूटे शुष्क शौचालय
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : स्वच्छ भारत मिशन के तहत शहर को ओडीएफ घोषित कर दिया गया।
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : स्वच्छ भारत मिशन के तहत शहर को ओडीएफ घोषित कर दिया गया। हकीकत यह है कि हर मोहल्ले में अभी भी शुष्क शौचालय हैं। चार साल पहले नगरपालिका ने 54 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को थानों में तहरीर भेजी थी। बाद में मामला ठंडे बस्ते में चला गया। लोग अभी भी शौचालय की गंदगी नाली में बहा रहे हैं। सफाई कर्मी मोहल्लों में डलिया लेकर अभी भी घूमती दिखाई देती हैं।
घरों में शौचालय बनाने का अभियान पिछले दस वर्षों से चल रहा है। नौ वर्ष पहले कराए गए सर्वे में नगरीय विकास अभिकरण डूडा को आठ हजार से अधिक आवेदन मिले थे। जिसमें मात्र 4200 शौचालय ही बनाए जा सके। उनमें गुणवत्ता की भी कमी रही। कुछ वर्षों बाद ही अधिकांश शौचालय टूट गए। नगरपालिका ने 54 लोगों के खिलाफ शहर व फतेहगढ़ कोतवाली और मऊदरवाजा थाने में नगरपालिका की ओर से तहरीर भेजी गई थी। आरोपियों द्वारा शुष्क शौचालय स्वयं न तोड़े जाने का आरोप लगाया गया था। बाद में यह मामला ठंडे बस्ते में चला गया। राजनीतिक कारणों के चलते नगरपालिका कर्मचारी शुष्क शौचालय तोड़ने का साहस नहीं जुटा पाए। जिससे अभी भी शहर के कई मोहल्ले में नाली में बहाए जाने वाले व साफ किए जाने वाले शौचालय मौजूद हैं। शौचालयों की सफाई का काम करने वाली महिलाएं अभी भी डलिया लेकर घूमती दिखाई देती हैं। नगरपालिका अध्यक्ष वत्सला अग्रवाल ने बताया कि शहर में शीघ्र ही पुन: सर्वे कराया जाएगा। जांच में यदि कोई व्यक्ति आवेदन करेगा तो उसका भी शौचालय बनाया जाएगा।