विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सात चेन, 18 अंगूठी और दो सोने की घड़ी, नोएडा तक हुई छापेमारी, 80 लाख की चोरी का फर्रुखाबाद में पर्दाफाश

Published: Sat, 05 Sep 2026 08:50 AM (IST)

फर्रुखाबाद में छपाई व्यापारी के घर हुई 80 लाख की चोरी का पर्दाफाश हो गया है। नाबालिग नौकर ने अपने ...और पढ़ें

पुलिस हिरासत में बाएं से आरोपित पप्पू, संदीप चौहान व आशू चौहान। जागरण

पुलिस हिरासत में बाएं से आरोपित पप्पू, संदीप चौहान व आशू चौहान। जागरण

HighLights

  1. फर्रुखाबाद में 80 लाख की चोरी का पर्दाफाश।

  2. नाबालिग नौकर ने साथियों संग मिलकर की थी चोरी।

  3. पुलिस ने चोरी का माल बरामद कर आरोपियों को भेजा जेल।

जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद। मुहल्ला साहबगंज नारायण दास में छपाई व्यापारी के यहां हुई 80 लाख की चोरी उनके यहां ही काम करने वाले नाबालिग नौकर ने अपने साथियों के साथ मिलकर की थी।

मंगलवार देर रात नखास चौकी क्षेत्र से चारों आरोपितों को पुलिस ने दबोच लिया। उनके पास से चोरी का माल बरामद हुआ है। बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में एसपी ने घटना का पर्दाफाश कर घटना की जानकारी दी। चारों आरोपितों को जेल भेज दिया गया है।

यह है पूरा मामला

मुहल्ला साहबगंज नारायणदास निवासी राजेश साध के घर से शनिवार रात चोर 80 लाख के जेवर व नकदी चोरी कर ले गए थे। पुलिस की टीमें घटना का खुलासा करने के लिए लगी थीं। दो टीमें नोएडा व दिल्ली भी गई थीं। पुलिस ने व्यापारी के नाबालिग नौकर का मोबाइल सर्विलांस पर लगा दिया था।

सर्विलांस सेल से मिले इनपुट के आधार पर शहर कोतवाली पुलिस ने मंगलवार देर रात नखास चौकी क्षेत्र स्थित एक खेत में दबिश देकर नाबालिग नौकर व उसके तीन साथियों को गिरफ्तार कर लिया।

एसपी आरती सिंह ने बताया कि राजेश साध के यहां काम करने वाले नाबालिग नौकर ने चोरी की साजिश रची थी। उसने अपने साथी आशू निवासी गंगा दरवाजा टूटी पुलिया थाना मऊदरवाजा, पप्पू मंडल निवासी कुलेसरा थाना ईकोटेक जनपद गौतमबुद्ध नगर नोएडा, संदीप निवासी खानपुर टूटी पुलिया गंगा दरवाजा थाना मऊदरवाजा को बुलाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने चारों के पास से 14,820 रुपये नकदी व जेवर बरामद किए। आरोपितों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

15 दिन पहले भी नाबालिग ने चुराए थे रुपये

नाबालिग नौकर ने करीब 15 दिन पहले भी छपाई कारोबारी राजेश साध के यहां रुपये चुराए थे। इस पर व्यापारी ने उसे डांटा था। माफी मांगने पर उसे राजेश साध ने दोबारा काम पर रख लिया था। इसी के बाद उसने चोरी की साजिश रची।

शहर कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि नाबालिग नौकर व्यापारी के यहां पहले भी चोरी कर चुका है। व्यापारी जब घूमने जा रहे थे तो उन्होंने नौकर से साथ चलने को भी कहा था, लेकिन उसने मना कर दिया।

नाबालिग नौकर को उनके घर के चप्पे-चप्पे की जानकारी थी। उसे यह भी पता था कि तिजोरी, अलमारी आदि की चाबियां कहां-कहां रखी हैं और जेवर किस-किस जगह पर रखे हैं।

यह माल हुआ बरामद

चार चूड़ी, छह कंगन, दो कड़े, नौ हार, आठ मोती के हार, कान के झुमके, दो मोबाइल, सात चेन, 18 अंगूठी, दो सोने की घड़ी, 23 चूड़ियां, एक ब्रेसलेट, एक जोड़ी टाप्स, एक जोड़ी पायल, एक सोने का सिक्का, चार जोड़ी कुंडल, दो मोती माला व एक इलेक्ट्रानिक तराजू।