ठंड की परवाह न कर किसान कर रहे हैं निराई
विगत दिनों हुई बेमौसम वर्षा से खेतों में पानी भर जाने से नमी अभी तक बरकरार है। वहीं कड़ाके की ठंड के बीच पाला गिरने से तंबाकू की कीमती फसल में झुलसा व कबरा रोग की आशंका बढ़ गई है। जिससे उबरने को किसान ठंड की परवाह न कर सुबह सुबह खेतों में निराई के लिए जुट जाते हैं।
संवाद सहयोगी, कायमगंज : विगत दिनों हुई बेमौसम वर्षा से खेतों में पानी भर जाने से नमी अभी तक बरकरार है। वहीं कड़ाके की ठंड के बीच पाला गिरने से तंबाकू की कीमती फसल में झुलसा व कबरा रोग की आशंका बढ़ गई है। जिससे उबरने को किसान ठंड की परवाह न कर सुबह सुबह खेतों में निराई के लिए जुट जाते हैं।
ग्राम अजमतपुर के तंबाकू खेतों में श्रीकृष्ण, हरवीर, संगीत कुमार शाक्य, अमित कुमार, कौशल व हिमांशु आदि किसान खुरपी लिए काम जुटे मिले। खेत में एक ओर पतेल से आग जल रही थी। जहां दो किसान ताप रहे थे। किसानों ने बताया कि इन दिनों गिरने वाले पाला का असर कम करने के लिए फसल में पानी लगाया जाता था, लेकिन खेतों में पहले से ही नमी अधिक है। इसलिए निराई से मिट्टी की नम परत को खुरच कर हटाया जा रहा है। इसके साथ ही डीएपी व यूरिया खाद लगाकर फसल को बचाने की कोशिश की जा रही है। किसानों ने बताया कि इस बार ठंड बहुत अधिक पड़ रही है, लेकिन खेतों में काम तो करना ही है। काम करते करते अधिक ठंड लगने पर मकडेरा-पतेल जलाकर ताप लेते हैं।