रोडवेज बसों में चढ़ने को लेकर दिनभर हुई धक्का-मुक्की
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : रोडवेज बस स्टेशन पर सुबह से ही यात्रियों की भीड़ जुट गई थी।
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : रोडवेज बस स्टेशन पर सुबह से ही यात्रियों की भीड़ जुट गई थी। दोपहर को पांचालघाट पर जाम लगने से कानपुर, बरेली, हरदोई, बदायूं मार्ग की बसें फंस गईं। इस कारण बस स्टेशन पर यात्री भटकते रहे। भीड़ बढ़ने की वजह से बसों के आते ही बैठने के लिए यात्री दरवाजे के अलावा खिड़कियों से भी घुसते रहे। इससे दिनभर धक्कामुक्की का माहौल रहा। डग्गामार वाहनों की भी चांदी रही।
शहर के बस स्टेशन पर सुबह से ही यात्रियों का आना शुरू हो गया था। बसें भी पर्याप्त थीं, लेकिन कुछ देर बाद पांचालघाट पर जाम लगने से बसें उसमें फंस गईं और रोडवेज बस स्टेशन पर कानपुर, बदायूं, बरेली, हरदोई, शाहजहांपुर की बसें नहीं पहुंच पाईं। इससे इन मार्गों पर जाने वाले यात्रियों की भीड़ अधिक हो गई। दोपहर बाद रुक-रुककर बसें आनी शुरू हुईं। बसों के आते ही यात्री सीट घेरने के चक्कर में उन पर टूट पड़ते थे। आपस में ही धक्कामुक्की करते रहे। रोडवेज कर्मी उन्हें समझाने के प्रयास में जुटे रहे। विभिन्न मार्गों पर डग्गामार वाहन भी यात्रियों से भरकर चले। डग्गामार पिकअप व मैजिक पर छत तक यात्री बैठे दिखे। पुलिस ने भी डग्गामार से खूब वसूली की। मोहम्मदाबाद कस्बे में भी सड़क तक दुकानें लगी थीं। जिस कारण वाहनों का लंबा जाम लग गया। मायके जा रही महिलाएं देर तक फंसी रहीं। प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार निगम ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। महिला यात्री को पकड़ने पर नशेड़ी की धुनाई
बस स्टेशन पर महिला यात्री बैठी हुई थी। उसी दौरान नशेड़ी युवक महिला के पास आकर बैठ गया। उसने एकाएक महिला को दबोच लिया। जिससे महिला चीख पड़ी। अन्य यात्रियों ने नशेड़ी की पिटाई कर दी।