छेड़छाड़ के आरोपितों ने पुलिस व महिला के स्वजन से की मारपीट
महिला से बाइक सवार शोहदों ने अश्लील फब्तियां कस छेड़छाड़ कर दी।
छेड़छाड़ के आरोपितों ने पुलिस व महिला के स्वजन से की मारपीट
संवाद सूत्र, कंपिल : महिला से बाइक सवार शोहदों ने अश्लील फब्तियां कस छेड़छाड़ कर दी। विरोध करने पर दंपती के साथ मारपीट की। मौके पर पहुंची पुलिस आरोपितों को चौकी ले गयी। आरोपितों ने चौकी में सिपाहियों व महिला के स्वजन से भी मारपीट की। पुलिस ने तीन आरोपितों को हिरासत में लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सिवारा चौकी के अंतर्गत एक गांव निवासी महिला अपने पति के साथ शनिवार देर शाम घर से बाजार करने के लिए निकली। बाजार में बाइक सवार तीन युवक मिल गए। तीनों युवक महिला के ऊपर अश्लील फब्तियां कसने लगे। इसी बात को लेकर महिला के पति का विवाद युवकों से हो गया। युवकों ने दंपती के साथ मारपीट कर दी। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी चौकी पुलिस को दी। पुलिस आरोपितों चौकी ले आयी। महिला के स्वजन भी चौकी पर पहुंच गए। आरोपितों ने चौकी पर तैनात सिपाहियों व महिला के स्वजन के साथ भी मारपीट कर दी। सिपाहियों ने घटना की जानकारी थाना पुलिस को दी। बवाल की सूचना पर थाना कंपिल पुलिस सिवारा चौकी पहुंची और बिगड़ते हालात पर काबू पाया। कार्यवाहक थाना प्रभारी मंगल सिंह ने बताया छेड़छाड़ की घटना गलत है। बाइक की टक्कर लगने को लेकर महिला के साथ युवकों का विवाद हुआ था। आरोपितों ने सिपाहियों के साथ मारपीट की है, तीन आरोपित हिरासत में लिए गए हैं।