पेट्रोल, डीजल मूल्य वृद्धि के विरोध में कांग्रेसियों ने खींचा रिक्शा
जागरण संवाददाता फर्रुखाबाद पेट्रोल व डीजल के मूल्यों में वृद्धि के विरोध में कांग्रेस कार्यकत
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : पेट्रोल व डीजल के मूल्यों में वृद्धि के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को शहर में रिक्शा खींचकर विरोध प्रदर्शन किया। मूल्य वृद्धि वापस लेकर बिजली का बिल आधा करने की मांग की गई। इस दौरान नारेबाजी भी हुई। केंद्र व प्रदेश सरकार को इस मुद्दे पर घेरने का प्रयास किया गया।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय कटियार, पूर्व प्रदेश सचिव कौशलेंद्र यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ता आवास विकास तिराहे पर एकत्र हुए। यह लोग रिक्शे लेकर आए थे। कांग्रेस नेताओं ने रिक्शों पर पार्टी के झंडे लगाए। इसके बाद शारीरिक दूरी का पालन करते हुए स्वयं रिक्शे खींचे। जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि डीजल व पेट्रोल के मूल्यों में वृद्धि कर सरकार किसानों सहित हर वर्ग को लूट रही है। 18 दिन से लगातार दाम बढ़ रहे हैं, जबकि अंतर्राष्ट्रीय बाजार में तेल के मूल्यों में भारी गिरावट है। पूर्व प्रदेश सचिव ने मूल्य वृद्धि वापस लेने व लॉकडाउन के दौरान बिजली के बिल आधे करने की मांग उठाई। शिवाशीष तिवारी, अभय यादव, अरविद अग्निहोत्री, कृष्ण गोपाल मिश्रा, अभय प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे। इससे पूर्व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने टाउनहाल स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर उपवास रखकर शिक्षक भर्ती व पशुपालन विभाग में घोटाले का आरोप लगाकर न्यायिक जांच कराने की मांग रखी।