पांचाल घाट पर एक घंटे जाम में फंसी रहीं राज्यमंत्री
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : पांचाल घाट पर गणेश प्रतिमा विसर्जन यात्राओं के चलते बुधवार को
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : पांचाल घाट पर गणेश प्रतिमा विसर्जन यात्राओं के चलते बुधवार को गंगा पुल पर इस कदर जाम लगा कि लोग जहां के तहां ठहर गए। आबकारी व खनन राज्यमंत्री अर्चना पांडेय भी एक घंटे तक जाम में फंसी रहीं। पुलिस को उनका काफिला निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। हालात यह थे कि वाहन दिन भर रेंगते रहे। रोडवेज बसों व निजी वाहनों में बैठे लोग गर्मी में पानी के लिए परेशान दिखे।
पांचाल घाट पर प्रतिमा विसर्जन यात्राओं के चलते यातायात व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई। चाचूपुर से लेकर मसेनी चौराहे तक सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। पुल पर इस कदर वाहन फंसे कि पुलिस को व्यवस्था संभालने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। अबीर गुलाल के चलते पुलिस कर्मियों की वर्दी भी रंग बिरंगी हो गई। वह वाहन चालकों को दिन भर समझाते रहे, लेकिन जल्दी निकलने की होड़ में ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह अनियंत्रित रही। कई बार नोकझोंक भी हुई। इसी बीच बरेली की ओर से छिबरामऊ जा रहीं राज्यमंत्री अर्चना पांडेय का काफिला भी जाम में फंस गया। मंत्री को देखकर पुलिस कर्मियों ने काफिला निकालने का प्रयास किया, लेकिन वाहन इस कदर फंसे थे कि उन्हें पास कराने में एक घंटा लग गया। कई बार लोग आपस में ही भिड़ गए और कहासुनी हुई। पुलिस कर्मियों ने समझाकर उन्हें शांत किया। पुल पर पैदल लोगों का निकलना भी मुश्किल था। पैदल लोगों के निकलने को बने फुटपाथ पर बाइक चालक चढ़ गए। जिससे व्यवस्था और खराब हुई। पानी का पाउच बेचने वाले किशोरों की पौबारह रही। गणेश प्रतिमा यात्राओं में बंट रहे प्रसाद ने भी बस व निजी वाहनों में बैठे लोगों को कुछ राहत दी। लोग बसों के अंदर जाकर प्रसाद दे रहे थे। देर शाम तक जाम खुलवाने को पुलिस जूझती रही।