युवक की हत्या कर शव खेत में फेंका
युवक की हत्या करके उसे मौत के घात उतार दिया गया
संवाद सहयोगी, कायमगंज : एक दिन पहले घर से लापता हुए युवक की हत्या कर दी गई। उसका शव सुबह गांव से बाहर सरसों के खेत में पड़ा मिला। डाग स्क्वाड, फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधीक्षक ने घटना का जायजा लिया।
ग्राम रायपुर निवासी 28 वर्षीय श्रीकृष्ण शाक्य उर्फ कन्हैया गुरुवार की दोपहर घर से निकला था। घर न लौटने पर मां नन्हीं देवी व स्वजन उसकी खोज करते रहे, लेकिन पता नहीं लगा। शुक्रवार की सुबह रागिब शाह के खेत में एक युवक के औंधे मुंह पड़े होने की सूचना मिली। नन्हीं देवी अन्य लोगों के साथ पहुंची तो वहां श्रीकृष्ण का शव पड़ा था। प्रभारी निरीक्षक विनयप्रकाश राय फोर्स के साथ पहुंचे व घटनास्थल पर जांच की। श्रीकृष्ण के गले पर फंदा कसने जैसे निशान पाए गए और वहां खून भी पड़ा था। श्रीकृष्ण के पिता दिवारीलाल की मौत हो चुकी है। मां नन्हीं देवी ने बताया गुरुवार को उसके बैंक खाते से रुपये निकालने के बाद दोपहर में पासबुक घर रखकर श्रीकृष्ण चला गया। उसके बाद लौटकर नहीं आया। श्रीकृष्ण चार भाई हैं। विवाहित बड़े भाई रामशरण व रामबख्स अलग रहते हैं। बहन कटोरी, सावित्री व लता की शादी हो चुकी है। अविवाहित रामरतन व श्रीकृष्ण मां के साथ रहते थे। मां ने बताया कि श्रीकृष्ण शराब तो पीता था, लेकिन उसकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी। सीओ अवनीश कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। गले पर पड़े निशान से जाहिर है कि रस्सी से गला घोटकर हत्या की गई है। कोतवाली पुलिस को मामले का जल्द पर्दाफाश करने का
निर्देश दिया है।
- डॉ. अनिल कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक