सामूहिक विवाह समारोह में जीवन की डोर से बंधे 99 जोड़े
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : सुंदर-सजीले विशाल मंच पर कोई मौर बांधे दूल्हा तो कोई सतरंगी
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : सुंदर-सजीले विशाल मंच पर कोई मौर बांधे दूल्हा तो कोई सतरंगी पगड़ी सजाए। बगल में बैठीं चटख रंगों को बिखेरते लहंगा-चुनरी में सजीं दुल्हनें। कोई किसी जाति का तो कोई किसी धर्म का। प्रेम की धुन में बहती-बजती सद्भाव की शहनाई। हजारों लोगों की शुभकामनाओं व उल्लास का यह नजारा था सामूहिक विवाह व निकाह समारोह का। पुष्पवर्षा के बीच जयमाल की रस्म हुई तो पूरा वातावरण खुशी से सराबोर हो उठा। समारोह में 99 जोड़े विवाह बंधन में बंध गए।
ग्यारहवें सेवाव्रत संकल्प सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन रविवार को पूर्व विधान परिषद सदस्य मनोज अग्रवाल व पालिकाध्यक्ष वत्सला अग्रवाल की ओर से बढ़पुर स्थित गेस्ट हाउस में किया गया। समारोह में 97 जोड़ों की वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह रस्म हुई। दो जोड़ों का निकाह शहर काजी मुताहिर अली ने कराया। मंच पर सभी जोड़े एक साथ बैठे, पुष्पवर्षा के बीच सामूहिक जयमाल हुई। जयमाल के बाद दूल्हा-दुल्हन खूबसूरत ढंग से सजे मंडप में पहुंचे। मंडप में विवाह की विधि-विधान से रस्में की गईं। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष वत्सला अग्रवाल ने कहा कि सामूहिक विवाह का कार्यक्रम स्व. विशन स्वरूप अग्रवाल की प्रेरणा से हर वर्ष आयोजित किया जाता है। सत्रह जाति-समाज के दूल्हा-दुल्हन इस बार के समारोह की शोभा बने हैं। पूर्व एमएलसी ने कहा कि सेवाव्रत संकल्प दलगत नहीं है। सरकार भी सामूहिक विवाह से दहेज मुक्ति का संदेश दे रही है। पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार, ब्लाक प्रमुख सुबोध यादव, रामसेवक यादव, राजीव अग्रवाल, सुंदर गुप्ता, दिलीप गुप्ता, संजय यादव, विवेक गुप्ता, आशीष पालीवाल भी मौजूद रहे।