हरियाणा व दिल्ली से आए 94 लोग क्वारंटाइन में
हरियाणा एवं दिल्ली में दिहाड़ी मजदूर सब्जी के ठेले व फैक्ट्री में काम करने वाले लॉकडाउन में फंसे 94 लोगों को तीन बसों से भोजपुर कृषि महाविद्यालय लाया गया। जिसमें जनपद फर्रुखाबाद के 75 कन्नौज शाहजहांपुर व बदायूं के 19 लोग शामिल हैं। सभी को 14 दिन क्वारंटाइन के लिए रखा गया है।
संवाद सूत्र, कमालगंज : हरियाणा एवं दिल्ली में दिहाड़ी मजदूर, सब्जी के ठेले व फैक्ट्री में काम करने वाले लॉकडाउन में फंसे 94 लोगों को तीन बसों से भोजपुर कृषि महाविद्यालय लाया गया। जिसमें जनपद फर्रुखाबाद के 75, कन्नौज, शाहजहांपुर व बदायूं के 19 लोग शामिल हैं। सभी को 14 दिन क्वारंटाइन के लिए रखा गया है।
अन्य प्रांतों में दिहाड़ी मजदूरी, सब्जी व फल के ठेले एवं फैक्ट्रियों में काम करने वाले प्रदेश के कई लोग लॉकडाउन में फंसे हुए थे। जिन्हें वापस प्रदेश में लाने के लिए मुख्यमंत्री के आदेश के बाद हरियाणा प्रदेश में फंसे लोगों को भोजपुर स्थित दद्दू जी कृषि महाविद्यालय लाया गया है। रविवार शाम करीब छह बजे पहले एक बस आई, उसके बाद रात करीब दो बजे दूसरी बस विद्यालय पहुंची। दोनों बसों में हरियाणा से 93 लोग आए थे। जबकि सोमवार सुबह करीब आठ बजे एक बस यहां पहुंची है, जिसमें 11 लोग सवार थे। जिसमें से फर्रुखाबाद बूरा वाली गली निवासी दिलीप कनौजिया को यहां उतारा गया। मथुरा डिपो के बस चालक रामबाबू ने बताया की मथुरा कोशी बॉर्डर से 11 लोगों को बस में लाए हैं, जिसमें एक व्यक्ति फर्रुखाबाद का है जिसे यहां छोड़ रहे हैं। शेष 10 लोग हरदोई, कन्नौज व कानपुर के हैं। जिन्हें वहां छोड़ने जाएंगे। कृषि महाविद्यालय में क्वारंटाइन के लिए रखे गए लोगों की सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात रहा। नगर पंचायत कर्मचारियों ने वहां पहुंचकर लोगों की सूची आदि बनाई। उप जिलाधिकारी सदर अनिल कुमार ने बताया कि हरियाणा से क्वारंटाइन सेंटर पर लाए गए 94 लोगों में 19 लोग जनपद बदायूं, कन्नौज व शाहजहांपुर के यहां आ गए हैं। इन लोगों ने अपना पता फर्रुखाबाद का बताया था, जांच में बाहर के निकले हैं। इन लोगों को उनके गृह जनपदों में बस द्वारा भेजा जाएगा।