ट्रेन में घुसकर पूरे परिवार को पीटा, लूटपाट
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : विवाह समारोह से लौट रहे परिवार के साथ शिकोहाबाद-कासगंज पैसेंजर ट्रेन म
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : विवाह समारोह से लौट रहे परिवार के साथ शिकोहाबाद-कासगंज पैसेंजर ट्रेन में मारपीट व लूटपाट की गई। दबंगों ने ट्रेन को खड़ा कर लिया और शीशे व खिड़कियां तोड़कर अंदर घुस गए। भाई को पीटने का विरोध करने पर युवती से भी अभद्रता की गई। पुलिस ने दस घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
कायमगंज के मोहल्ला गढ़ी नूर खां निवासी शाकिर मैनपुरी के कस्बा भोगांव निवासी अपने मामा के यहां विवाह समारोह में शामिल होकर बुधवार शाम शिकोहाबाद कासगंज पैसेंजर ट्रेन से परिजनों के साथ लौट रहे थे। मोटा रेलवे स्टेशन से तीन युवक ट्रेन में चढ़े। शाकिर का पुत्र मो. फैजान गैलरी में खड़ा था। उसे हटाने को एक युवक ने पीछे सिर में थप्पड़ मार दिया। बड़े भाई अरसान व बहन अरशी बानो ने इसका विरोध किया तो युवकों ने उसके साथ अभद्रता कर दी। इसी पर विवाद बढ़ गया। युवकों ने सूचना मोबाइल से अपने गांव में दे दी और पखना रेलवे स्टेशन पर उतरकर दूसरी बोगी में चले गए। डर की वजह से शाकिर ने अपनी बोगी के खिड़की और दरवाजे अंदर से बंद कर लिए। युवकों ने कोतवाली मोहम्मदाबाद के गांव मोती नगला के निकट ट्रेन को चेन पु¨लग कर रोक लिया। यहां दर्जनों युवक बोगी की इमरजेंसी खिड़की तोड़कर अंदर घुस गए और लाठी डंडों से हमला कर पूरे परिवार को पीटा। करीब 20 मिनट तक ट्रेन खड़ी रही। इसके बाद चालक ट्रेन फर्रुखाबाद लेकर आया। पुलिस ने घायल शाकिर, उनकी पत्नी आसिया बेगम, पुत्री अरशी बानो, पुत्र फैजान, अरसान, मोहल्ले के गुड्डू की पत्नी शहनाज, कासगंज के अमापुर निवासी शाहिद, उनकी पत्नी मैनाज, शहर के तलैया साहबजादगान तिकोना निवासी आसिफ व आरिफ को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। आसिया बेगम ने बताया कि हमलावर उनके कपड़े फाड़कर पर्स लूट ले गए। चेन व झुमकी लूट ली, पुत्री के गले से चेन लूट ली। मैनाज ने बताया कि उसकी झुमकी व पैंडल लूटा गया है। सभी लोगों के मोबाइल भी छीन ले गए। जीआरपी थाने के दारोगा राजकुमार शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मारपीट की घटना होने की जानकारी मिली है। लूटपाट का आरोप लगाया जा रहा है। ट्रेन की बोगी में घुसने के लिए युवकों ने खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए। आरोपियों का पता लगाकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।