डीसीएम से 10 किलो अफीम बरामद, चार लोग गिरफ्तार
जागरण संवाददाता फर्रुखाबाद पुलिस ने गुरुवार को सातनपुर मंडी के निकट चेकिग के दौरान ड
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : पुलिस ने गुरुवार को सातनपुर मंडी के निकट चेकिग के दौरान डीसीएम से 10 किलो अफीम बरामद कर चालक-परिचालक सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि वह लोग झारखंड से अफीम लाकर बरेली में सप्लाई देने जा रहे थे।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल मिश्र ने दोपहर को पुलिस लाइन में पत्रकारों से बातचीत में बताया कि शहर कोतवाली प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय सातनपुर मंडी के निकट चेकिग कर रहे थे। उसी दौरान उन्होंने एक डीसीएम चेक की। जिसमें 10 किलो अफीम रखी मिली। जनपद बदायूं थाना फैजलगंज बेहटा के गांव कौरेरा निवासी चालक भानु प्रताप, जनपद बरेली थाना अलीगंज के शेखूपुरा निवासी तेजपाल व रत्नेश, इसी थाना क्षेत्र के गांव कमालपुर निवासी महिपाल को गिरफ्तार किया गया है। डीसीएम कब्जे में ले ली गई है। आरोपितों ने पूछताछ में बताया वह लोग झारखंड के जिले रामगढ़ से अफीम तस्करी कर लाते हैं। बरेली के थाना अलीगंज क्षेत्र के निवासी श्याम बिहारी, प्रेम सिंह व विजय सिंह को उच्च दर पर अफीम बेचते हैं। यह लोग पंजाब में अफीम की सप्लाई देने जाते हैं। चारों आरोपितों का पुलिस ने चालान कर दिया। इससे पहले पुलिस गांजा की बरामदगी कर चुकी है।