..कौन कराएगा इस गड्ढे की मरम्मत
हादसे का सबब बन रहा नियावां-कैंट रोड पर बना गड्ढा.एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे नगर निगम और छावनी परिषद.
अयोध्या : नियावां चौराहे से छावनी क्षेत्र की ओर बढि़ए तो चंद कदम पर ही एक बड़ा गड्ढा हादसे का सबब बन गया है। यह गड्ढा नगर निगम और छावनी परिषद की सीमा पर है। काफी दिनों से आवागमन में बड़ी बाधा बने इस गड्ढे की मरम्मत नगर निगम और छावनी परिषद के सीमा विवाद में फंस गयी है। नगर निगम का कहना है कि गड्ढा छावनी परिषद क्षेत्र में है, जबकि छावनी परिषद इसे नगर निगम इलाके में होने की बात कह रहा है। बरसात के दिनों में जलभराव हो जाने की वजह से यह गड्ढा और भी खतरनाक साबित हो रहा है। यहां से गुजरने वाले लोग आए दिन गिर कर घायल हो रहे हैं। गड्ढे की स्थिति दिन प्रतिदिन खराब होती जा रही है, लेकिन इसकी मरम्मत दो विभागों के पेंच में फंस गई है। नगर निगम के अधिशासी अभियंता पीके सिंह का कहना है कि गड्ढा नगर निगम क्षेत्र में नहीं है। यह छावनी परिषद के इलाके में आता है। इसकी मरम्मत छावनी परिषद ही कराएगा, जबकि छावनी परिषद के उपाध्यक्ष रूपेश ओझा का कहना है कि गड्ढा नगर निगम के दायरे में है। छावनी परिषद के इलाके में नहीं है।