उमस व गर्मी से राहत, आज बारिश के आसार
जासं अयोध्या मौसम का मिजाज मंगलवार को राहत भरा रहा। सुबह से मध्याह्न तक बादलों और सूर्यदेव के बीच लुकाछिपी का खेल चलता रहा लेकिन अपराह्न एक बजे के बाद घने बादलों ने डेरा डालना आरंभ कर दिया।
अयोध्या : मंगलवार को सुबह से मध्याह्न तक बादलों और सूर्यदेव के बीच लुकाछिपी का खेल चलता रहा, लेकिन अपराह्न एक बजे के बाद घने बादलों ने डेरा डालना आरंभ कर दिया। दोपहर ढाई बजे के बाद कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश भी हुई। बदली छाई रहने से लोगों को उमस व गर्मी से भी राहत मिली रही। माना जा रहा है कि बुधवार को बदली छाई रहेगी और हल्की बारिश भी हो सकती है।
रविवार को भी पूरे दिन बारिश हुई थी, जबकि सोमवार को भीषण उमस व गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया था। मंगलवार को लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिल गई। दिन का तापमान भी सामान्य से काफी कम रहा। पूरे दिन मौसम सुहाना बना रहा। लोगों ने गुप्तारघाट, कंपनी गार्डेन, नयाघाट, राजघाट उद्यान आदि स्थानों पर सैर-सपाटा कर दिन बिताया। इसके साथ ही नौकायन करने वालों की खासी भीड़ सरयू तट पर रही।
नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार जल्द ही मानसून की पहली बारिश की संभावना है। प्री-मानसून बरसात आरंभ हो चुकी है। मौसम विज्ञानी डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि मौजूदा समय में प्री-मानसून बारिश का दौर चल रहा है। इसलिए बुधवार को भी हल्की बारिश होगी। मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से चार कम 31 डिग्री सेल्सियस रहा। इसी वजह से मौसम खुशगवार बना रहा। न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम आर्द्रता 73 व न्यूनतम 67 फीसदी रही।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप