तीन साल बाद जनवरी का सबसे ठंडा दिन रहा मंगलवार
21 जनवरी से और बिगड़ेगा मौसम
अयोध्या: मंगलवार सिर्फ सीजन ही नहीं, बल्कि तीन वर्ष बाद जनवरी माह का सबसे ठंडा दिन रहा। दिन का तापमान सिर्फ 12 डिग्री सेल्सियस तक ही जा सका। वहीं आने वाले दिनों में लोगों की परेशानियां और भी ज्यादा बढ़ने वाली हैं। आगामी 21 से 23 जनवरी के बीच मध्यम से घने स्तर के बादल छाने की संभावना है। इसके साथ ही बारिश भी होगी, जिससे मौसम और ठंडा होने की उम्मीद जताई जा रही है। दिन का तापमान और भी नीचे लुढ़क सकता है।
बीते तीन दिनों से लोगों को कड़ाके की सर्दी का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गलन व ठिठुरन से लोग बेहाल हैं। इसी वजह से लोग घरों में कैद हैं। छोटे बच्चे भी बाहर नहीं निकल रहे, जिससे खेल के मैदान भी सूने हैं। इससे पहले रविवार को दिन का तापमान 16 व सोमवार को 15 डिग्री सेल्सियस रहा था। मंगलवार को इसमें और भी ज्यादा कमी आ गई। लोग जहां-तहां अलाव तापते हुए दिखाई दिए। नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसका असर 21 जनवरी से दिखाई देने लगेगा। मौसम विज्ञानी डा. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि ठंड से अभी राहत नहीं मिलेगी। मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से आठ कम 12 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य 2.5 डिग्री कम है। अधिकतम आर्द्रता 97 व न्यूनतम 88 प्रतिशत रही।
------------------
वर्ष-तिथि-अधिकतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
2010-11 जनवरी-11
2011-छह जनवरी-12
2013-आठ जनवरी-9
2014-10 जनवरी-12
2015-10 जनवरी-11.5
2018-18 जनवरी-10
------------------
अज्ञात वृद्ध की मौत
अयोध्या: मंगलवार को श्रृंगारहाट में एक अज्ञात वृद्ध का शव मिला। स्थानीय लोगों के अनुसार ठंड लगने से वृद्ध की मौत हुई है। वहीं पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु का सही कारण पता चलेगा। वृद्ध रामनगरी में भिक्षाटन कर जीवन-यापन करता था। अयोध्या कोतवाली प्रभारी देवेंद्र पांडेय ने बताया कि अभी तक वृद्ध की पहचान नहीं हो सकी है।