आज से होगी धान खरीद, तैयारी पूरी
धान खरीद गुरुवार से शुरू हो जाएगी। पहले धान खरीद एक नवंबर से शुरू होनी थी। 15 दिन पहले श़ुरुआत होने से क्रय एजेंसियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती धान खरीदने की होगी। किसानों की धान की फसल अभी खेत में है। कटाई शुरू होने में करीब 20 दिन अभी और लगने की संभावना है.
अयोध्या: धान खरीद गुरुवार से शुरू हो जाएगी। पहले धान खरीद एक नवंबर से शुरू होनी थी। 15 दिन पहले श़ुरुआत होने से क्रय एजेंसियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती धान खरीदने की होगी। किसानों की धान की फसल अभी खेत में है। कटाई शुरू होने में करीब 20 दिन अभी और लगने की संभावना है। ऐसे में धान के साथ क्रय केंद्रों पर किसानों की आवक नवंबर के अंतिम या दिसंबर के प्रथम सप्ताह से रफ्तार पकड़ सकेगी। धान खरीद के लक्ष्य में 50 फीसद की बढ़ोतरी शासन ने की है। बीते खरीद सत्र में धान का लक्ष्य 40 हजार 400 मीट्रिक टन था। खरीद लक्ष्य से ऊपर हुई। इस बार लक्ष्य 60 हजार मीट्रिक टन है। जिन किसानों का पंजीकरण पहले से है, उन्हें अपडेट कराना होगा जो पहली बार बिक्री करेंगे उन्हें पहले से पंजीकरण कराकर आना होगा। बिना पंजीकरण के किसानों के धान की खरीद क्रय एजेंसियां नहीं करेंगी।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी अजीत प्रताप सिंह के अनुसार किसानों से धान खरीद के बाद भुगतान तीन दिन में पब्लिक फाइनेंस मैनेजमेंट सिस्टम (पीएफएमएस) से किया जाएगा। इसलिए क्रय एजेंसियों के सामने धनराशि का संकट नहीं होगा। बोरा आदि की कमी भी क्रय एजेंसियों के सामने नहीं है। धान खरीद के लिए पहले 37 केंद्र बनाए गए थे। उपभोक्ता सहकारी संघ के तीन केंद्रों को निरस्त कर दिया गया है। इसके बदले तीन और केंद्र बनाए जाने हैं जिससे किसानों को धान बिक्री में असुविधा न हो। क्रय केंद्रों पर किसानों के लिए अनुमन्य सुविधाओं की व्यवस्था कर दी गई है। धान खरीद के लिए जिलाधिकारी अनुज कुमार झा की अध्यक्षता में कार्यशाला हो चुकी है। एडीएम (वित्त एवं राजस्व) गोरेलाल शुक्ल को जिला क्रय अधिकारी जिलाधिकारी ने नामित किया है।