ब्लड बैंक में कई ग्रुप का ब्लड खत्म, मरीज परेशान
जिला चिकित्सालय स्थित ब्लड बैंक में चार ग्रुप का ब्लड खत्म हो गया है। इस गंभीर समस्या के कारण मरीजों का बुरा हाल है। अपने मरीजों को ब्लड चढ़वाने के लिए तीमारदार जगह-जगह भटक रहे हैं.
अयोध्या: जिला चिकित्सालय स्थित ब्लड बैंक में चार ग्रुप का ब्लड खत्म हो गया है। इस गंभीर समस्या के कारण मरीजों का बुरा हाल है। अपने मरीजों को ब्लड चढ़वाने के लिए तीमारदार जगह-जगह भटक रहे हैं। उसके बाद भी कोई व्यवस्था न हो पाने से मरीजों की स्थित गंभीर होती दिख रही है। अस्पताल प्रशासन सिर्फ दो ग्रुप का ही ब्लड न होने की बात कह रहा है, जिसके लिए जल्द कैंप लगवा कर इसकी पूर्ति करने की योजना है।
जिला चिकित्सालय में मंडल स्तर का स्थापित ब्लड बैंक खाली हो गया है। गुरुवार को शहर के रेतिया निवासी घनश्याम ने बताया कि अस्पताल में भर्ती अपने मरीज के लिए बी पॉजिटिव ब्लड की जरुरत पड़ने पर काफी प्रयास करने के बाद भी नहीं मिल सका, जिससे परेशान होकर खाली हाथ ही वापस होना पड़ा है। सूत्रों की मानें तो इसी तरह ब्लड बैंक में अभी ओ पॉजिटिव, ए पॉजिटिव व एबी पॉजिटव ब्लड भी खत्म हो गया है। इससे प्रतिदिन तीमारदारों को भटकना पड़ रहा है। इस बारे में प्रमुख अधीक्षक डॉ. रविद्र कुमार ने बताया कि सिर्फ दो ग्रुप का ही ब्लड उपलब्ध नहीं है। उसके लिए संस्थाओं से संपर्क किया जा रहा है, बहुत जल्द कमी को पूरा कर लिया जाएगा।