फैजाबाद से और बेहतर हुआ पूर्वांचल का सफर
फैजाबाद : लोकसभा चुनाव से पहले केंद्र सरकार ने फैजाबाद को फिर सौगात दी है। लखनऊ से मऊ क
फैजाबाद : लोकसभा चुनाव से पहले केंद्र सरकार ने फैजाबाद को फिर सौगात दी है। लखनऊ से मऊ के बीच चलने वाली नई ट्रेन फैजाबाद से होकर गुजरेगी। रेलवे ने इसका ऐलान कर दिया है। मंगलवार को पहली बार ट्रेन फैजाबाद जंक्शन पहुंच रही है। नई ट्रेन के आरंभ से फैजाबाद और पूर्वांचल के बीच रेल यातायात और बेहतर होगा।
मऊ जाने के लिए अभी तक छह ट्रेनें हैं, जो वाया फैजाबाद जाती है। ये सातवीं ट्रेन होगी, जो फैजाबाद से मऊ तक का सफर तय करेगी। इस ट्रेन के चलने का सबसे बड़ा लाभ ये है कि फैजाबाद-सुल्तानपुर रेल मार्ग पर यातायात बढ़ेगा साथ ही पहली बार फैजाबाद से जौनपुर शहर के सीधी रेल सेवा मिल सकेगी। फैजाबाद से मऊ तक जाने वाली कोई ट्रेन जौनपुर सिटी के लिए नहीं है। लखनऊ से चलकर मंगलवार को ये ट्रेन पहली बार शाम छह बजे फैजाबाद पहुंचेगी। फैजाबाद जंक्शन पर इस ट्रेन के प्रथम आगमन को लेकर तैयारियां तेजी से चल रही है।
केंद्र में मोदी सरकार बनने के बाद अयोध्या-फैजाबाद को बेहतर रेल सुविधा देने के लिए तेजी से कार्य हो रही है। रेल लाइन दोहरीकरण कार्य के लिए रेलवे ने जहां तत्परता दिखाई वहीं फैजाबाद व अयोध्या जंक्शन के सुंदरीकरण को लेकर कार्य तेजी से चल रहा है। फैजाबाद-कानपुर इंटरसिटी, अयोध्या से रामेश्वरम, मनवर संगम एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें अयोध्या-फैजाबाद से जोड़कर भाजपा सरकार ने अयोध्या-फैजाबाद को साधने का कार्य किया है। दोनों स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं का विस्तार तेजी से चल रहा है। लोकसभा चुनाव तक अयोध्या से चित्रकूट के लिए प्रस्तावित ट्रेन की शुरुआत होने की संभावना बढ़ गई है। आगामी 16 अगस्त से लखनऊ-मऊ विशेष मंगलवार व गुरुवार को चलेगी। मऊ से ये ट्रेन बुधवार और गुरुवार को चलेगी।