शिवपाल ने कहा, डंके की चोट पर दिया था राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को वोट
समाजवादी सेक्युलर मोर्चा के संयोजक शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि राष्ट्रपति पद के चुनाव के मतदान के दौरान उन्होंने डंके की चोट पर एनडीए के प्रत्याशी रहे रामनाथ कोविंद को वोट दिया था।
फैजाबाद (जेएनएन)। समाजवादी पार्टी के अलग होकर समाजवादी सेक्युलर मोर्चा बनाने वाले शिवपाल सिंह यादव ने आज फैजाबाद में बड़ा राज खोल दिया। बहुजन क्रांति मोर्चा की रैली में शिरकत करने पहुंचे शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि राष्ट्रपति चुनाव में हमने डंके की चोट पर रामनाथ कोविंद को वोट दिया था।
समाजवादी सेक्युलर मोर्चा के संयोजक शिवपाल सिंह यादव ने आज फैजाबाद में बड़ा बम फोड़ दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति पद के चुनाव के मतदान के दौरान उन्होंने डंके की चोट पर एनडीए के प्रत्याशी रहे रामनाथ कोविंद को वोट दिया था।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अन्य दलों के साथ मिलकर मीरा कुमार को मैदान में उतारा था। मीरा कुमार के पक्ष में मत देने के लिए हमसे एक बार भी कांग्रेस ने संपर्क नहीं किया था। हमको समाजवादी पार्टी की तरफ से भी कोई निर्देश नहीं था। समाजवादी पार्टी ने तो हमको विधानमंडल दल की बैठक में भी नहीं बुलाया था। हमने तो डंके की चोट पर भाजपा समर्थित रामनाथ कोविंद को अपना वोट दिया था। उन्होंने कहा कि जब हमको किसी ने पूछा ही नहीं तो हमको को अपना अलग काम करना ही था।
समाजवादी सेक्युलर मोर्चा के संयोजक शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव को लेकर हमारी पार्टी की तैयारियां शुरू हैं। हम हर जिले में अपना संगठन खड़ा कर रहे हैं। हम सभी 80 सीटों पर अपने मजबूत प्रत्याशी मैदान में उतारेंगे।
मैनपुरी से मुलायम सिंह यादव हमारी पार्टी के प्रत्याशी होंगे। हमने तो उनको समाजवादी सेक्युलर मोर्चा का अध्यक्ष बनाने का ऑफर दिया है। अगर वह हमारी बात नहीं मानते हैं तब भी अगर वह किसी भी दल से लड़ेंगे तो हमारा मोर्चा उनको समर्थन देगा। समाजवादी सेकुलर मोर्चा बनाने के पहले हमने तो नेताजी का आदेश व आशीर्वाद लिया था। शिवपाल सिंह यादव के फैजाबाद दौरा पर समाजवादी पार्टी के नेता भी नजर रखे हैं, माना जा रहा है कि कुछ नेता समाजवादी पार्टी छोड़कर शिवपाल सिंह यादव के साथ जा सकते हैं।