जनकपुर से अयोध्या आने वाले बस यात्रियों को भेंट में मिलेगी नेपाली भाषा में लिखी रामायण
नेपाल और भारत दोनों सांस्कृतिक रूप से अभिन्न हैं। दोनों देशों के बीच आस्था की डोर अटूट है। त्रेतायुग से आज भी दोनों पूरी शिद्दत से निभाते चले आ रहे हैं।
फैजाबाद (जेएनएन)। नेपाल और भारत दोनों सांस्कृतिक रूप से अभिन्न रहे हैं। दोनों देशों के बीच आस्था की डोर भी अटूट रही है। त्रेतायुग से जो संबंध बना उसे आज भी दोनों देशों के लोग पूरी शिद्दत से निभाते चले आ रहे हैं। इसीलिए शनिवार को जनकरपुर से यहां पहुंच रहे यात्रियों को भेंट देने के लिए सीएम की ओर से खास इंतजाम किए गए हैं। अंगवस्त्र के साथ यात्रियों को मुख्यमंत्री नेपाली भाषा में लिखी रामचरित मानस भेंट करेंगे। गोरखपुर स्थित गीताप्रेस से रामचरित मानस भी मंगा ली गई है। बस में आ रहे विशिष्ट मेहमान नेपाल से संबंधित है, इसलिए उन्हें नेपाली भाषा में लिखी गई रामचरित मानस भेंट स्वरूप प्रदान की जाएगी। वैदिक मंत्रोचार के बीच अयोध्या में पूजन का भी प्रबंध किया गया है, जो मुख्यमंत्री की मौजूदगी में संपन्न होगा। स्वागत की कड़ी में एक खास बात इंतजाम और भी किया गया है। माता सीता के स्वरूप के साथ जनकपुर की झांकी और भगवान राम के स्वरूप के साथ अयोध्या की झांकी आकर्षण का केंद्र होगी। अयोध्या की सीमा में प्रवेश करने के बाद बस यात्रियों के लिए हाइवे पर स्थित एक होटल में जलपान की व्यवस्था प्रशासन की ओर से की गई है। यात्री जलपान करने बाद बस में सवार होकर रामकथा पार्क पहुंचेंगे, जहां सीएम उनका सत्कार करेंगे।
छह जोन में बांटकर होगी निगरानी
नेपाल से यात्रियों को लेकर अयोध्या पहुंच रही बस का स्वागत करने के लिए सीएम स्वयं मौजूद रहेंगे। सीएम के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता बढ़ा दी है। छह जोन में बांट कर निगरानी की जाएगी। छह एएसपी, 16 डिप्टी एसपी, 20 निरीक्षक, 150 उपनिरीक्षक, 600 सिपाही, तीन कंपनी पीएसी, एक कंपनी आरआरएफ के अतिरिक्त बम निरोधक दस्ता व बाढ़ राहत दस्ता सहित सुरक्षा व निगरानी के अन्य बंदोबस्त किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल रामकथा पार्क पर उन्हीं लोगों को प्रवेश मिलेगा, जिन्हें प्रशासन की ओर अनुमति दी गई है। विधायक वेदप्रकाश गुप्ता, डीएम डॉ. अनिल कुमार, एसएसपी डॉ. मनोज कुमार, एसपी सिटी अनिल कुमार ङ्क्षसह व सीओ अयोध्या राजू कुमार साव ने कार्यक्रम स्थल व बस के मार्ग का निरीक्षण किया। व्यवस्थाओं में सुधार का निर्देश दिया। बस की सुरक्षा के लिए जिला पुलिस की ओर से स्कोर्ट भी उपलब्ध कराया गया है। शुक्रवार की शाम डीएम व एसएसपी की ओर से सुरक्षा में लगी फोर्स की ब्रीङ्क्षफग की जाएगी। एसपी सिटी ने बताया कि सुरक्षा इंतजामों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।