रिमझिम फुहारों से मौसम हुआ खुशगवार
शुक्रवार व शनिवार को भी मध्यम से घने स्तर के बादल छाए रहेंगे
अयोध्या: गुरुवार को मौसम का मिजाज बदल गया। सुबह से ही घने बादलों ने डेरा डाले रखा और रुक-रुक कर रिमझिम फुहारें पड़ती रहीं। शुक्रवार व शनिवार को भी मध्यम से घने स्तर के बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश भी होगी। इसकी वजह पश्चिमी विक्षोभ है। रविवार दोपहर बाद मौसम में सुधार आएगा।
कुछ दिनों पहले भी पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मौसम में तब्दीली आई थी। गुरुवार को फिर से विक्षोभ प्रभावी हो गया। गुरुवार को भोर में कुछ देर के लिए हल्की बारिश हुई। इसके बाद रिमझिम फुहारों का सिलसिला चलता रहा। इस वजह से तापमान में खासी कमी आ गई है। दिन गर्मी पूरी तरह से नदारद रही। नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक विक्षोभ का असर रहेगा। मौसम विज्ञानी डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि शुक्रवार व शनिवार को कुल मिलाकर 15 से 20 मिलीमीटर तक बारिश होने की संभावना है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से साढ़े नौ डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। अधिकतम आर्द्रता 81 व न्यूनतम 72 फीसद रही।