मंडलीय रेल अधिकारियों की टीम ने विकास कार्यो को परखा
रामनगरी में चल रहे रेल विकास के कार्यो को लेकर रेलवे
अयोध्या : रामनगरी में चल रहे रेल विकास के कार्यो को लेकर रेलवे ने निगरानी बढ़ा दी है। अचानक यहां पहुंचे मंडलीय रेल अधिकारियों की टीम ने अयोध्या व फैजाबाद जंक्शन का निरीक्षण कर विकास कार्यो का जायजा लिया। रेलवे की ओर से रामनगरी में कई बड़े कार्य कराए जा रहे हैं। अयोध्या जंक्शन के पुनर्विकास के साथ ही मालगोदाम का स्थानांतरण भी होना है। फैजाबाद जंक्शन पर भी विकास कार्य चल रहा है। राममंदिर के दृष्टिगत रेलवे रामनगरी में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं व सेवाओं में विस्तार कर रहा है।
अपर मंडल रेल प्रबंधक वीके पांडेय के नेतृत्व में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक जगतोष शुक्ल ने फैजाबाद जंक्शन पर स्टेशन अधीक्षक आरके उपाध्याय व अन्य अधिकारियों से योजनाओं को लेकर वार्ता की। प्लेटफार्म चार एवं पांच पर लग रहे स्टोन के कार्य को अधूरा पाए जाने पर नाराजगी जाहिर की। इसे जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश इंजीनियर्स को दिया गया। स्टेशन की सफाई से अधिकारी संतुष्ट दिखे। इसके पश्चात वाणिज्य निरीक्षक अजय सिंह के साथ दोनों अधिकारी अयोध्या रेलवे स्टेशन का जायजा लेने पहुंच गए। स्टेशन अधीक्षक एमएन मिश्र को साथ लेकर अधिकारियों ने पुनर्विकास कार्य को देखा। ड्रेनेज की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराने का निर्देश कार्यदायी संस्था को दिया। 30 जून तक प्रथम फेज का कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया। अधिकारियों का यह दौरा 26 फरवरी को महाप्रबंधक आशुतोष गंगल के संभावित निरीक्षण से जोड़ कर देखा जा रहा है।
मालगोदाम स्थानांतरण में आई तेजी
फैजाबाद जंक्शन से मालगोदाम को स्थानांतरित कर सालारपुर जाना है। सांसद लल्लू सिंह इसके लिए गंभीरता से प्रयास कर रहे हैं। इसे लेकर कवायद तेज हो गई है। मालगोदाम के प्रस्तावित स्थल पर प्लेटफार्म व लाइन निर्माण के लिए खाका खींचा जाने लगा है। सोमवार को पहुंचे अधिकारियों ने इस योजना की प्रगति के बारे में जाना।