परमहंसदास ने आंदोलित किसानों को बताया आतंकवादी
तपस्वी जी की छावनी के महंत परमहंसदास ने कृषि संशोधन कानूनों को रद करने की मांग पर दिल्ली की सीमा पर अड़े आंदोलित किसानों को आतंकवादी बताया है।
अयोध्या : तपस्वी जी की छावनी के महंत परमहंसदास ने कृषि संशोधन कानूनों को रद करने की मांग पर दिल्ली की सीमा पर अड़े आंदोलित किसानों को आतंकवादी बताया है। वे मीडिया से अनौपचारिक तौर पर मुखातिब थे। उन्होंने कहा कि देश के सभी किसान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों से खुश हैं। आंदोलन करने वाले नकली किसान हैं और यह चीन, पाकिस्तान एवं खालिस्तान समर्थक आतंकवादियों की ओर से प्रायोजित हैं। इस साजिशपूर्ण आंदोलन को उन राजनीतिक दलों का भी समर्थन मिल रहा है, जिनके लिए देश नहीं सत्ता सर्वोपरि है।
आंदोलनकारियों का खेती-किसानी से वास्ता नहीं: टिल्लू
सोहावल (अयोध्या) : किसान आंदोलन के नाम पर ऐसे लोग किसानों का भेष रखकर दिल्ली सीमा पर डटे हैं, जिनका किसानों या खेती से दूर-दूर तक कोई वास्ता नहीं है। किसानों के हित में लाया गया तीन कानून आगामी दो वर्ष के भीतर किसानों की तकदीर बदल देगा। यह बातें फै•ाबाद-अंबेडकरनगर सहकारी बैंक के सभापति धर्मेंद्र प्रताप सिंह टिल्लू ने लखौरी गांव के मां बिजली भवानी स्थल पर आयोजित कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान कहीं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में किए जाने वाले सभी कार्य व कानून पूरी तरह से पारदर्शी और जनहित से जुड़े हैं। इस मौके पर गांव के 1500 जरूरतमंदों को कंबल वितरण किया गया। आयोजनकर्ता पूर्व ब्लॉक प्रमुख जितेंद्र सिंह मुन्ना ने कहा कि गांव व क्षेत्र के गरीब मजदूरों व किसानों के बेहतरी के लिए काम करना ही जीवन का लक्ष्य है। इस कार्य को जीवनपर्यंत करते रहेंगे। उन्होंने बताया कि रघुराज फाउंडेशन ट्रस्ट के जरिए शीघ्र ही गांव में महाविद्यालय व अस्पताल का निर्माण कराया जाएगा।आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्तियों को प्राथमिकता दी जाएगी। अध्यक्षता मंगलसी के पूर्व प्रधान रामचेत यादव व संचालन रालोद के प्रदेश महासचिव विश्वेशनाथ मिश्र सुड्डू ने किया। कार्यक्रम को ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अवधेश सिंह मुन्ना ने भी संबोधित किया। समाजसेवी अभिषेक सिंह टिकू, अनिल सिंह, भूपेंद्र प्रताप सिंह बल्ले, वेद प्रकाश गुप्त सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।