राहत भरा रहा रविवार, नहीं निकला कोई पॉजिटिव
रविवार को आई आठ लोगों की रिपोर्ट निगेटिव रही।
अयोध्या: तीन दिनों बाद रविवार का दिन कोरोना के लिहाज से राहत भरा रहा। रविवार को कोई भी कोरोना पॉजिटिव नहीं निकला। रविवार को आई आठ लोगों की रिपोर्ट निगेटिव रही, जबकि गुरुवार, शुक्रवार व शनिवार को तीन दिन में ही 31 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए थे। वहीं जिले में कोरोना के सक्रिय केस 55 हैं। अभी 215 लोगों की रिपोर्ट आनी बाकी है।
रविवार को 117 लोगों का नमूना कोरोना की जांच के लिए भेजा गया है। इसमें नौ लोगों का नमूना दोबारा भेजा गया है। वहीं जिले में अब तक 1791 लोगों की कोरोना की जांच कराई जा चुकी है। इसमें कुल 59 लोगों को पॉजिटिव पाया गया है। इसमें तीन ऐसे लोग हैं, जिनकी दूसरे जिले से घर लौटते समय रास्ते में ही मौत हो गई। मृत्यु के उपरांत हुई जांच में इन लोगों को कोरोना संक्रमित पाया गया था, जबकि एक महिला ठीक हो चुकी है। वहीं 55 लोगों का इलाज मेडिकल कॉलेज व मसौधा स्थित कोविड हॉस्पिटल में किया जा रहा है। जिलाधिकारी अनुज झा ने कंटेंमेंट जोन का जायजा लिया। साथ ही होम क्वारंटाइन का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया।