नरेंद्रदेव कृषि विवि में बनेगा एग्रीकल्चर टेक्नोलॉजी पार्क
दस एकड़ क्षेत्रफल में विकसित होगा पार्क खर्च होंगे चार करोड़ 70 लाख.एक ही स्थल पर सुलभ होंगी आधुनिक खेती बारी की तकनीक.
अयोध्या: आचार्य नरेंद्रदेव कृषि विश्वविद्यालय में दस एकड़ भू-भाग पर एग्रीकल्चर टेक्नोलॉजी पार्क विकसित किया जाएगा। राज्य सरकार ने इसके लिए चार करोड़ 70 लाख रुपए आवंटित किए हैं। यह देश के चुनिदा पार्कों में से एक होगा, जहां खेती-बारी की आधुनिकतम तकनीक उपलब्ध होगी। यहां सभी प्रकार की फसलों की बोआई से लेकर प्रसंस्करण तक की आधुनिकतम तकनीक देखने को मिलेगी। पार्क का निर्माण जल्द ही शुरू होगा। यह पार्क उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश के किसानों के लिए वरदान जैसा होगा, जहां से किसान तकनीक के बारे में जान कर व प्रशिक्षण हासिल कर इसके अनुप्रयोग को तैयार हो सकेगा। इसमें फल, फूल व सब्जी की आधुनिक नर्सरी होगी। पॉली हाउस, नेट हाउस बेमौसम खेती बारी के लिए बनाया जाएगा। मत्स्य पालन, मुर्गी पालन व पशुपालन की इकाइयां भी विकसित होंगी।
--------
सोलर से संचालित होंगी यूनिट्स
अयोध्या: विवि के प्रसार निदेशक डॉ.एपी राव ने बताया कि यहां एकीकृत खेती-बारी का उत्कृष्ट नमूना देखने को मिलेगा। यहां प्रसंस्करण के अंतर्गत सरसों की पेराई, आटा, व चावल को प्रसंस्कृत करने की नई मशीनें स्थापित होंगी। इनका संचालन सौर ऊर्जा से होगा। पार्क में आने वाले किसानों को इन सभी का अवलोकन कराया जाएगा, जिससे वे नई रोजगारपरक जानकारियों को हासिल कर इसका उपयोग कर सकेंगे।
--------
जल संरक्षण को प्रोत्साहन भी
अयोध्या: इस पार्क में जल की आवश्यकता को विश्वविद्यालय के बीच से निकलने वाले नाले से पूरा किया जाएगा। इसी पर चेकडैम बना कर इसी पानी का प्रयोग किया जाएगा। धरती के भीतर के पानी का प्रयोग बिल्कुल नहीं होगा। इसके लिए भी सोलर पंप लगाए जाएंगे।