एनसीबी को नहीं दिखता मुंबई की मलिन बस्तियों का नशा: आजमी
परिवर्तन यात्रा लेकर पहुंचे आजमी का कई जगह स्वागत
अयोध्या: समाजवादी पार्टी की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष अबू आसिम आजमी ने कहाकि मुंबई की मलिन बस्तियों में भी नशे का काराबोर होता है, उसे पकड़ने पर एनसीबी के लिए वैसी न्यूज नहीं बनती, जैसी शाहरुख खान के बेटे को पकड़ने से। एनसीबी की कार्रवाई से जुड़े सवाल के जवाब में उन्होंने यह बात कही। परिवर्तन यात्रा लेकर आए सपा नेता का रानीमऊ से लेकर गुलाबबाड़ी स्थित पार्टी कार्यालय तक कई स्थानों पर स्वागत किया गया। इससे पहले सोहावल के जुबेरगंज बाजार के सामने आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में भी पूर्व मंत्री आनंदसेन के साथ हिस्सा लिया। अरकुना चौराहे पर पार्टी नेता राघवेंद्र प्रताप सिंह अनूप की अगुवाई में स्वागत किया गया। स्वागत कार्यक्रमों में अखिलेश राज का बखान करते हुए आजमी ने कहाकि उप्र. में अखिलेश की सरकार बनना तय मान भाजपा घबड़ाई है। कहा, गांधीजी के हत्यारों का महिमा मंडन करने वाली पार्टी को सत्ता से बेदखल करना होगा। पार्टी कार्यालय में स्वागत कार्यक्रम में कहा, परिवर्तन यात्रा का मकसद गंगा जमुनी तहजीब को उप्र में बनाए रखना है। अखिलेश यादव को 2022 में सत्ता में वापस लाना ही उनकी यात्रा का उद्देश्य है। राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व मंत्री अवधेश प्रसाद ने कहा कि अबू आसिम आजमी ने महाराष्ट्र में पार्टी के बैनर तले जो काम किए हैं वे अब मील का पत्थर बन चुके हैं। पूर्व मंत्री तेजनारायण पांडेय पवन ने कहा कि समाजवादी पार्टी ही प्रदेश को अराजकता के माहौल से बाहर निकालने में सक्षम है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष गंगा सिंह यादव ने आजमी के स्वागत में विधानसभा चुनाव के बाद पूर्ण बहुमत की पार्टी की सरकार बनने का दावा किया। पूर्व विधायक अभय सिंह ने कहा कि उनके जैसा नेता अकेले ही महाराष्ट्र में पार्टी की बागडोर संभाल रहा है। महानगर अध्यक्ष श्यामकृष्ण श्रीवास्तव ने भी विचार व्यक्त किए। संयोजक मंसूर इलाही थे। संचालन हामिद जाफर मीसम ने किया। पार्टी प्रवक्ता चौधरी बलराम यादव ने बताया कि संत समाज ने भी उनका स्वागत किया। जिला महासचिव बख्तियार खान, मनोज जायसवाल, बाबूराम गोंड,श्रीचंद यादव,छेदी सिंह, मो. हलीम पप्पू, अमृत राजपाल, पारसनाथ यादव, रामअचल यादव, पार्षद दल नेता हाजी असद अहमद, छोटेलाल यादव, मो. सुहेल, शंभूनाथ सिंह दीपू, संजय सिंह, रोली यादव, सरोज यादव,सीमा मौर्या, अपर्णा जायसवाल शामिल रहीं। रानीमऊ में पूर्व विधायक अब्बास अली जैदी रुश्दी ने बुके भेंट कर व रौजागांव में पालिकाध्यक्ष जब्बार अली, मो. आरिफ, डॉ. पुष्कर यादव ने स्वागत किया।