अयोध्या में छह को कारसेवा का ऐलान करने वाले कमलेश तिवारी लखनऊ से गिरफ्तार
अयोध्या में विवादित ढांचा ढहाए जाने की बरसी यानी छह दिसंबर को कारसेवा करने की घोषणा करने वाले हिंदू समाज पार्टी के अध्यक्ष कमलेश तिवारी को अयोध्या पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
अयोध्या, जेएनएन। हिंदू समाज पार्टी के अध्यक्ष कमलेश तिवारी को अयोध्या पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अयोध्या पुलिस ने कमलेश तिवारी को लखनऊ में नाका हिंडोला में उनके आवास से तड़के गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद अयोध्या में कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उनको 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
अयोध्या में विवादित ढांचा ढहाए जाने की बरसी यानी छह दिसंबर को कारसेवा करने की घोषणा करने वाले हिंदू समाज पार्टी के अध्यक्ष कमलेश तिवारी अपने पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत राम जन्मभूमि पर राम मंदिर निर्माण के लिए कारसेवा करने के लिए अयोध्या आने की योजना बना रहा था, लेकिन इससे पहले ही उन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया। हिरासत में लेने के बाद तत्काल पुलिस ने उसे सीजेएम कोर्ट में पेश कर दिया। गिरफ्तारी की पूरी कार्रवाई के दौरान किसी बवाल की आशंका को देखते हुए अयोध्या कचहरी परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम रहे और कमलेश तिवारी को कोर्ट में पेश किए जाने के दौरान पूरा कोर्ट परिसर पुलिस छावनी में तब्दील रहा।
अयोध्या में इस वर्ष विवादित ढांचे की बरसी के मौके पर हिंदू संगठनों ने कई कार्यक्रमों की घोषणा की है जिसे लेकर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार और जिले की पुलिस बेहद सतर्क है। एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने बताया कि कमलेश तिवारी ने दो दिन पहले प्रेस कान्फ्रेंस में दावा किया था कि वह अयोध्या में विवादित परिसर का गेट तोड़ कर कारसेवा करेंगे। जिसकी वजह से गिरफ्तारी के आलावा कोई विकल्प नहीं था। अयोध्या में प्रवीण तोगडिय़ा के कार्यक्रम में भी हुए बवाल में कमलेश तिवारी वांछित था। वीडियो में पहचान होने के बाद अयोध्या पुलिस ने कमलेश तिवारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
सीओ अयोध्या राजू कुमार साव की निगरानी में गठित आरजेबी थाना निरीक्षक पीके सिंह की टीम ने आज यह कार्रवाई की। कमलेश ने छह दिसंबर को अयोध्या में विवादित स्थल पर राममंदिर के लिए कारसेवा करने की चेतावनी भी दी थी। इसके बाद सुरक्षा तंत्र कमलेश तिवारी को लेकर और भी सचेत हो गया था। गिरफ्तार करने के बाद पुलिस कमलेश को लेकर अयोध्या आई, जहां न्यायालय में उन्हें पेश किया गया। पेशी के बाद कमलेश को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
मणिपर्वत मेला के दौरान गत 14 अगस्त को सीएम योगी आदित्यनाथ का अयोध्या आगमन था। जिला मजिस्ट्रेट की ओर से निषेधाज्ञा लगाई गई थी। इसी बीच राममंदिर निर्माण के लिए सरयू जल लेकर संकल्प करने नयाघाट पहुंचे कमलेश को पुलिस ने गिरफ्तार कर शांतिभंग में चालान कर दिया था। इसके विरोध में थाना रामजन्मभूमि क्षेत्र में अधिगृहीत परिसर की ओर जाने वाले मार्ग पर हिंदू समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। पुलिस का आरोप है कि कार्यकर्ताओं ने कमलेश तिवारी के इशारे पर हंगामा किया। इन सभी ने बैरियर को नुकसान पहुंचाया तथा पुलिस से भी झड़प की थी। सीओ अयोध्या राजू कुमार साव ने बताया कि पुलिस ने कमलेश तिवारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।