भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, 80 मिलीमीटर बरसात
अयोध्या गुरुवार को भारी बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। सुबह दस से शाम चार बजे तक 80 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। इस वजह से शहर के अधिकांश इलाके जलभराव की चपेट में रहा। बारिश को गन्ने की फसल के लिए नुकसानदेह माना जा रहा है। बारिश के साथ ही तेज हवा चलने पर धान की फसल को नुकसान पहुंच सकता है।
अयोध्या : गुरुवार को भारी बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। सुबह दस से शाम चार बजे तक 80 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। इस वजह से शहर के अधिकांश इलाके जलभराव की चपेट में रहा। बारिश को गन्ने की फसल के लिए नुकसानदेह माना जा रहा है। बारिश के साथ ही तेज हवा चलने पर धान की फसल को नुकसान पहुंच सकता है।
मौसम विज्ञानियों ने पहले ही साफ कर दिया था कि आगामी 29 सितंबर तक रोजाना ही मध्यम स्तर की बारिश होगी, लेकिन गुरुवार को हुई भारी बारिश ने लोगों को खासा परेशान किया। सुबह दस बजे से ही बारिश आरंभ हुई, जो शाम तक लगातार जारी ही रही। शाम के समय बरसात धीमी अवश्य हुई, लेकिन रुकी नहीं। बारिश से विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेजों से घर लौटने में भी परेशानी का सामना करना पड़ा। इससे शहर के अधिकांश इलाके जलभराव की चपेट में आ गए।
नगर में साकेतपुरी, देवकाली, नाका, जनौरा, बछड़ा सुल्तानपुर, तेलीटोला, सिविल लाइंस समेत अन्य इलाके में जलभराव की वजह से आवागमन बाधित रहा। वहीं सरकारी विभागों के पुराने कार्यालयों में भी भारी बारिश की वजह से पानी टपकता रहा। पावर कारपोरेशन के विद्युत वितरण खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता कार्यालय में तो कर्मी छाता लगाकर काम करते नजर आए। नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार मानसून पूरी तरह सक्रिय है। इसी वजह से अच्छी बारिश हो रही है। बारिश की वजह से तापमान में कमी आई है।
गुरुवार को अधिकतम तापमान 30 व न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम आर्द्रता 95 व न्यूनतम 92 फीसदी रही। ग्रामीण क्षेत्रों में भी बारिश से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
रुदौली संवादसूत्र के मुताबिक नगर के पुषकरपुरम, काजी का पुरवा, पूरे खान, मखदूमजादा, पुराना कोट, पूरे मियां सहित दर्जनों मुहल्लों में जलभराव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सोहावल, मिल्कीपुर, बीकापुर, अमानीगंज, पूराबाजार, मयाबाजार, गोसाईंगंज समेत अन्य क्षेत्रों में जलभराव ने लोगों को परेशान किया।