फैजाबाद जंक्शन के पुनर्विकास को मिलती दिख रही गति
फैजाबाद जंक्शन के पुनर्विकास की योजना को गति मिलती दिख रही है। अयोध्या जंक्शन के पुनर्विकास के बाद अयोध्या को लेकर रेलवे की यह दूसरी सबसे बड़ी योजना है जिस पर कवायद शुरू हो चुकी है.
अयोध्या : फैजाबाद जंक्शन के पुनर्विकास की योजना को गति मिलती दिख रही है। अयोध्या जंक्शन के पुनर्विकास के बाद अयोध्या को लेकर रेलवे की यह दूसरी सबसे बड़ी योजना है, जिस पर कवायद शुरू हो चुकी है। पखवारे भर पहले रेलवे के मंडलीय अधिकारियों के दौरे में रेलवे की यह मंशा सामने आई थी। स्थानीय अधिकारियों पर रूपरेखा बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। गत दिनों सांसद लल्लू सिंह ने मुख्यमंत्री से मिलकर फैजाबाद जंक्शन का नाम अयोध्या कैंट करने का प्रस्ताव सौंपना इस मंशा को और बल प्रदान करता है कि आने वाले दिनों में फैजाबाद जंक्शन का कायाकल्प तय है। पखवारे भर बाद रेलवे के उच्चाधिकारियों की एक और टीम के यहां आने की संभावना है। इसे लेकर तैयारी भी चल रही है।
योजना को लेकर रेलवे की ओर से जो शुरुआती रुझान सामने आए हैं उसके आधार पर अयोध्या की भांति फैजाबाद जंक्शन को भी मंदिर मॉडल के रूप में पुनर्विकसित करने की तैयारी है। राममंदिर निर्माण के बाद श्रद्धालुओं व पर्यटकों की संख्या में कई गुना इजाफा होने की संभावना के ²ष्टिगत रेलवे अपनी तैयारी कर रहा है। रामघाट हाल्ट को पूर्ण स्टेशन का दर्जा दिलाए जाने के साथ सिटी स्टेशन को उच्चीकृत किए जाने की योजना पर कार्य चल रहा है। दर्शननगर और सालारपुर रेलवे स्टेशन भी उच्चीकृत होने की दौड़ में शामिल नजर आ रहे हैं।