बढ़ेगी डायलिसिस यूनिट की क्षमता
अयोध्या : दर्शननगर संयुक्त मंडल चिकित्सालय की क्षमता बढ़ाई जाएगी। यहां आने वाले मरीजों की बढ
अयोध्या : दर्शननगर संयुक्त मंडल चिकित्सालय की क्षमता बढ़ाई जाएगी। यहां आने वाले मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। वार्ड में जगह की कमी को देखते हुए फिलहाल अभी तीन बेड की बढ़ोत्तरी की जाएगी। डायलिसिस यूनिट में जिले व गैर जिलों से बड़ी संख्या में मरीज आ रहे हैं। बेड की कमी के कारण मरीजों को लौटना पड़ता है।
निश्शुल्क डायलिसिस यूनिट पूर्वी यहां के मरीजों के लिए वरदान बन गई है। इसका संचालन निजी संस्था के माध्यम से किया जा रहा है। इस यूनिट में मात्र 10 बेड की व्यवस्था है। औसतन हर रोज 27 से 28 मरीज डायलिसिस के लिए पहुंचते हैं। अयोध्या, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर, बस्ती, गोंडा व आसपास के अन्य जिलों से मरीजों की संख्या ज्यादा हैं। बीते वर्ष 20 नवंबर माह में शुरू हुए इस यूनिट में लगभग 1000 मरीज यहां डायलिसिस की सुविधा उठा चुके हैं। शुरुआत में यह संख्या कम थी, जो अब तेजी से बढ़ी है। चिकित्सक डॉ. निशांत सक्सेना व यूनिट इंचार्ज सैम जैदी के मुताबिक यहां 10 बेड में नौ बेड सैरो निगेटिव व एक बेड सैरो पाजिटिव है। जल्द ही तीन बेड बढ़ने से स्थिति में काफी सुधार होगा।
निदेशक डॉ. मधुसूदन शर्मा ने बताया कि डायलिसिस वार्ड में जगह की कमी बड़ी समस्या है। इसकी क्षमता बढ़ाने के लिए स्वीकृति तो मिल गई है। जगह के विस्तार के लिए दर्शननगर संयुक्त मंडल चिकित्सालय के मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. घनश्याम से बात की गई है। यहां चिकित्सक के अलावा आठ टेक्नीशियन, स्टाफ पूनम पांडेय व अन्य कर्मचारी शामिल हैं।