वैकल्पिक स्थानों पर परवान चढ़ने लगा महोत्सव
जिले भर में दुर्गा पूजा महोत्सव की शुरुआत हो चुकी है। गुरुवार से चौक में वैकल्पिक स्थान पर महोत्सव का आगाज किया गया। मां अंबिका दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारियों ने महोत्सव की शुरुआत की.
अयोध्या: जिले भर में दुर्गा पूजा महोत्सव की शुरुआत हो चुकी है। गुरुवार से चौक में वैकल्पिक स्थान पर महोत्सव का आगाज किया गया। मां अंबिका दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारियों ने महोत्सव की शुरुआत की। पहले दिन यजमान शोभित कपूर व अंकिता कपूर ने मां का पूजन कर महोत्सव की शुरुआत की। इस मौके अमल गुप्ता, देवेंद्र मिश्र दीपू, हरिशंकर शर्मा, रघुनाथ गुप्ता, राहुल गुप्ता, सचिन गुप्ता, अमन मेहरोत्रा, मंटू शर्मा, शिवाजी आदि थे। इसके साथ ही नगर में दो दर्जन से अधिक स्थानों पर महोत्सव चल रहा है, हालांकि इस बार कोरोना की वजह से गत वर्षों जैसी रौनक तो नहीं है, लेकिन श्रद्धालु पूर्ण समर्पण से मां की आराधना में लीन हैं।
वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी महोत्सव परवान चढ़ने लगा है। सोहावल संवादसूत्र के मुताबिक बड़ागांव बाजार स्थित मां वैष्णो दुर्गा पूजा समिति के तत्वावाधान में महोत्सव दिनों दिन परवान चढ़ रहा है। समिति के आचार्य अर्जुन तिवारी, विश्राम यादव व रजनेश यादव की अगुवाई में महोत्सव की शुरुआत हुई है। खरौआ मोहल्ला स्थित मजदूर मंडल दुर्गापूजा समिति के तत्वावधान में महोत्सव आरंभ हुआ। इस मौके पर जगप्रसाद सिपाही, शत्रुघ्न व नंदकिशोर आदि थे। मुस्तफाबाद के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सैय्यद अमीर जाफरी ने दोनों पंडालों पर पहुंच कर समितियों को 11-11 हजार रुपये का आर्थिक सहयोग दिया।
---------
विसर्जन घाट का निर्माण शुरू
जासं, अयोध्या : देवी प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए निर्मलीकुंड पर घाट का निर्माण गुरुवार से आरंभ हो गया। केंद्रीय दुर्गा पूजा एवं रामलीला समन्वय समिति के अध्यक्ष मनोज जायसवाल, सहसंयोजक गगन जायसवाल, पुलिस समन्वयक जेएन चतुर्वेदी, घाट प्रभारी संजय श्रीवास्तव, प्रवक्ता डॉ. शैलेंद्र विक्रम, विद्युत प्रभारी सुप्रीत कपूर, जोनल प्रमुख अखिलेश पाठक, मुरलीधर बत्रा, रंजीत शर्मा, अमित कनौजिया, पंकज सिंह, मदन सिंह, इंदु मोटवानी, सुमित साहू एवं संस्कार श्रीवास्तव ने मां सरयू व दुर्गा माता का पूजन कर घाट निर्माण की शुरुआत की। केंद्रीय समिति के अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने बताया कि पूरे जिले में महोत्सव को कोरोना गाइडलाइन के अनुसार आयोजित किया जा रहा है। इस मौके पर अशोक कनक, अतुल सिंह, राजेश गौड़, आलोक शंकर, दीपक गौतम, राजेश जायसवाल, पवन कुमार निषाद, अखिलेश पाठक आदि थे।
-------------
भक्तों ने किया मां कात्यायनी का पूजन
जासं, अयोध्या: नवरात्र के छठें दिन श्रद्धालुओं ने मां कात्यायनी का पूजन किया। मंदिरों में श्रद्धालुओं ने देवी माता के दरबार में माथा टेका। साथ ही मां कात्यायनी के स्वरूप का ध्यान कर मंत्र का जाप किया। शहर में छोटी देवकाली, पाटेश्वरी देवी, बड़ी देवकाली, गुदड़ीबाजार स्थित दुर्गा मंदिर, जालपा मंदिर, मरी माता मंदिर, पहाड़गंज स्थित मां काली मंदिर, मकबरा स्थित शीतला माता मंदिर, मां हट्ठी महारानी, अन्नपूर्णा मंदिर, नाका हनुमानगढ़ी स्थित मां काली व मां दुर्गा मंदिर में श्रद्धालुओं ने नारियल-चुनरी, बताशा आदि अर्पित कर देवी मां की साधना की। यज्ञ-हवन का सिलसिला भी पूरे दिन चलता रहा। वहीं बीकापुर, मिल्कीपुर, पूराबाजार, मयाबाजार, गोसाईंगंज आदि क्षेत्रों श्रद्धालुओं ने देवी माता के दरबार में मत्था टेका। रुदौली स्थित मां कामाख्या भवानी मंदिर व मुबारकगंज स्थित श्रीआध्यात्म शक्तिपीठ पर श्रद्धालुओं ने माता टेका और मन्नतें मानी।