विधायक ने किया गो संरक्षण केंद्र का लोकार्पण
ऐहार गांव में एक करोड़ 20 लाख की लागत से बन कर तैयार स्थाई गो संरक्षण केंद्र का मंगलवार को विधायक रामचंद्र यादव ने लोकार्पण किया.
रुदौली (अयोध्या): ऐहार गांव में एक करोड़ 20 लाख की लागत से बन कर तैयार स्थाई गो संरक्षण केंद्र का मंगलवार को विधायक रामचंद्र यादव ने लोकार्पण किया। इस मौके पर मौजूद जिलाधिकारी अनुज कुमार झा, मुख्य विकास अधिकारी प्रथमेश कुमार ने विधायक के साथ गायों की पूजा कर गो सेवा का संदेश दिया। लगभग साढ़े तीन हेक्टेयर भूमि पर बने गो संरक्षण केंद्र में आठ सौ से अधिक मवेशियों को रखने की क्षमता है। पशुपालन विभाग की ओर से निर्मित गो संरक्षण केंद्र में हर तरह की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। खाने व रहने के लिए दस टिन शेड का निर्माण किया गया है। पेयजल के लिए दस हजार लीटर क्षमता का जलाशय बनवाया गया है। विधायक ने गो संरक्षण केंद्र के आवागमन मार्ग को ऊंचा व चौड़ा करने के साथ जलाशय का सुंदरीकरण कराने को कहा। उन्होंने कहा कि यह गो संरक्षण केंद्र क्षेत्र के लोगों के लिए वरदान साबित होगा। यह तहसील का सबसे बड़ा केंद्र है। मवेशियों की सुरक्षा के लिए चारो ओर बैरीकेडिग करवाई गई है। इसमें एक ऑफिस व तीन आउटर चारा सेंटर का निर्माण भी कराया गया है। इस मौके पर एसडीएम बिपिन सिंह, बीडीओ अमित त्रिपाठी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी अशोक श्रीवास्तव, भाजपा नेता तेज तिवारी आदि मौजूद रहे।