वेदाध्ययन के साथ तकनीक से युक्त हो सकेंगे ब्रह्मचारी
भारतीय शिक्षण मंडल की ओर से संचालित श्री गुरु वशिष्ठ गुरुकुल विद्यापीठ के बटुक वेद के साथ अच्छी कंप्यूटर शिक्षा प्राप्त कर सकें इसके लिए गुरु वशिष्ठ सेवा न्यास के अध्यक्ष एवं अवध विश्वविद्यालय के कुल गुरु आचार्य मनोज दीक्षित के दिशा निर्देश में 11 कंप्यूटर से युक्त लैब स्थापित की गयी.
अयोध्या : भारतीय शिक्षण मंडल की ओर से संचालित श्री गुरु वशिष्ठ गुरुकुल विद्यापीठ के बटुक वेद के साथ अच्छी कंप्यूटर शिक्षा प्राप्त कर सकें, इसके लिए गुरु वशिष्ठ सेवा न्यास के अध्यक्ष एवं अवध विश्वविद्यालय के कुल गुरु आचार्य मनोज दीक्षित के दिशा निर्देश में 11 कंप्यूटर से युक्त लैब स्थापित की गयी। लैब का उद्घाटन रामवल्लभा कुंज के अधिकारी राजकुमारदास एवं विहिप के केंद्रीय मंत्री राजेंद्र सिंह 'पंकज' ने किया। अतिथियों का स्वागत गुरुकुल सभा समिति के अध्यक्ष अमन ब्रह्मचारी, प्रधानमंत्री आदित्य ब्रह्मचारी, सह मंत्री अश्वनी ब्रह्मचारी, सेनापति शिवम ब्रह्मचारी, व्यवस्था प्रमुख आदर्श ब्रह्मचारी आदि ने किया। समारोह का संयोजन गुरुकुल के निदेशक भारतीय शिक्षण मंडल शैक्षिक प्रकोष्ठ के अखिल भारतीय सह प्रभारी डॉ. दिलीप सिंह एवं अवध प्रांत के प्रकाशन प्रमुख तथा अविवि के पुस्तकालय विभागाध्यक्ष प्रो. आरके सिंह ने किया। इस मौके पर गुरुकुल के प्रधानाचार्य दुखहरणनाथ मिश्र, आचार्य सदाशिव तिवारी, आचार्य कुशमेश, प्रतीक श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे। डॉ. दिलीप सिंह ने बताया कि गुरुकुल के छात्रों के बहुमुखी विकास एवं भारतीय ज्ञान को वर्तमान परिवेश में युगानुकूल शिक्षा गुरुकुल के छात्रों को दी जा सके, इसी उद्देश्य कंप्यूटर लैब की स्थापना की गई है। उन्होंने बताया कि सभी 50 बच्चों को पहले से लैपटॉप और टेबलेट उपलब्ध कराया गया है। गुरु वशिष्ठ गुरुकुल में 16 विद्या एवं 64 कलाओं का अध्ययन कराया जाता है।