अयोध्या-फैजाबाद में कल तीन घंटा रहेंगे सीएम योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल सुबह आठ बजे लखनऊ से फैजाबाद के लिए प्रस्थान करेंगे। उनका यहां पर आगमन 8:30 पर होगा। इसके बाद 8.55 पर अयोध्या राम कथा पार्क में पहुंचेंगे।
फैजाबाद (जेएनएन)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल अयोध्या में अपने दौरे के दौरान रामनगरी में करीब तीन घंटा रहेंगे। योगी आदित्यनाथ कल यहां पर जनकपुर-अयोध्या बस सेवा की अगवानी करेंगे। इस बस सेवा को आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ नेपाल के प्रधानमंत्री ने आज नेपाल के जनकपुर से रवाना किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ नेपाल के प्रधानमंत्री पीएम केपी शर्मा ओली मां सीता की जन्मस्थली जनकपुर से आज इस बस को अयोध्या के लिए रवाना किया है। कल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनकपुर अयोध्या बस सेवा की अगवानी करेंगे। वह इसके साथ ही सरयू की पूजा-अर्चना भी करेंगे। उनका कल ही फैजाबाद में सांसद लल्लू सिंह की भतीजी की शादी में शरीक होने का कार्यक्रम है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल सुबह आठ बजे लखनऊ से फैजाबाद के लिए प्रस्थान करेंगे। उनका यहां पर आगमन 8:30 पर होगा। इसके बाद 8.55 पर अयोध्या राम कथा पार्क में पहुंचेंगे। उनका नौ से दस बजे तक जनकपुर-अयोध्या बस सेवा की अगवानी करने का कार्यक्रम है। इस मौके पर प्रथम दीपोत्सव के आवरण चित्र का अनावरण करेंगे। उनका 10:10 बजे मां सरयू की पूजा-अर्चना करने का कार्यक्रम है। उनका बीस मिनट का कार्यक्रम आरक्षित है। इस बीच दिगंबर अखाड़ा के महंत सुरेश दास से मुलाकात कर सकते हैं। वह इसके बाद 10:55 पर यहां पर होटल त्रिमूर्ति में सांसद लल्लू सिंह की भतीजी के विवाह में शामिल होंगे। इसके बाद 11:30 पर फैजाबाद एयरपोर्ट से वह लखनऊ रवाना होंगे।