सीएम योगी का बड़ा एलान, फैजाबाद जिले का नाम बदलकर अयोध्या होगा
कोरिया की प्रथम महिला किम जुंग सूक और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या पहुंचकर भगवान श्रीराम का राजभिषेक किया और फैजाबाद का नाम अयोध्या करने की घोषणा की।
फैजाबाद (जेएनएन)। सरयू तीरे जगमगाते असंख्य दीपों के बीच जय श्रीराम के गगनभेदी उद्घोष और अपने राम की घर वापसी से विह्वल अयोध्या ने मंगलवार को मानो त्रेता युग जीवंत कर दिया। दिव्य दीपोत्सव पर प्रतीक रूप में राम को राजगद्दी पर बैठाने के बाद नगरवासियों को निहाल करने में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने मंदिर निर्माण की उम्मीदों के दीप तो रोशन किए ही, दीवाली के उपहार के रूप में फैजाबाद जिले का नाम अयोध्या करने की भी घोषणा की। इससे पहले समारोह की मुख्य अतिथि दक्षिण कोरिया की प्रथम महिला किम जुंग-सुक ने अतीत के रिश्तों को नई गांठ देकर लोगों के हर्ष और उत्साह को दोगुना कर दिया।
मंगलवार और हनुमान जयंती के सुखद संयोग पर भगवान राम के लिए अयोध्या का बावलापन सड़कों पर उमड़ा नजर आया। राम कथा पार्क में पुष्पक विमान के प्रतीक हेलीकाप्टर से जब भगवान राम, लक्ष्मण और सीता के साथ उतरे और वहां स्वागत को एकत्र हजारों नगरवासियों पर फूलों की वर्षा हुई तो श्रद्धा-आस्था का आवेग मंदिर निर्माण के नारों के साथ उफान पर पहुंच गया। अपने संबोधन में योगी ने लोगों की भावनाओं का ख्याल रखते हुए यह संकेत भी दिया कि मंदिर उनकी प्राथमिकता में है। उन्होंने कहा कि हर कोई जानता है कि अयोध्या क्या चाहता है। उनकी भावना से जुडऩे ही यहां आया हूं। अयोध्या से कोई अन्याय नहीं कर सकता। अयोध्या की पहचान अयोध्या की ही तरह रहेगी।
मंच पर उपस्थित राम जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास व अन्य संतों से आशीर्वाद लेने के बाद योगी ने विकास को ही रामराज बताते हुए यहां महाराजा दशरथ के नाम पर मेडिकल कालेज खोलने के साथ ही भगवान राम के नाम पर एयरपोर्ट बनवाने की घोषणा भी की। साथ ही 176 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनकपुर से अयोध्या के बीच बस सेवा शुरू करके भारत- नेपाल के रिश्तों को जोड़ा है तो दक्षिण कोरिया से नया आयाम आज मिल रहा है। भगवान के मार्ग में भाषा आड़े नहीं आती। भावनाएं होनी चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी रामायण सर्किट के जरिये जनकपुर से अयोध्या और श्रीलंका को जोड़ रहे हैं। योगी ने कहा कि हम हर की पैड़ी की तरह ही राम की पैड़ी बना रहे हैं। सरयू में एक भी नाले का पानी नहीं जाने देंगे। इसके लिये पैसा भी दे दिया है।
भारतीय परिवेश में पहुंचीं किम
दिव्य दीपोत्सव ने अपने दूसरे ही साल दक्षिण कोरिया की रानी हो के समाधि स्थल के सुंदरीकरण की शुरुआत कर अयोध्या में अंतरराष्ट्रीय पर्यटन की बुनियाद भी रख दी है। भारतीय परिवेश में साड़ी पहनकर मंच पर पहुंचीं समारोह की मुख्य अतिथि कोरिया गणराज्य की प्रथम महिला किम जुंग-सुक ने कहा कि यहां अतिथि बनाने के लिए वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद अदा करती हैं।
अयोध्या के बहाने दक्षिण कोरिया से भारत के रिश्तों को नई धार मिलेगी। यहां से पूरी दुनिया में शांति का संदेश जाएगा। इससे पहले राज्यपाल राम नाईक ने कहा कि राम की प्रेरणा पूरी दुनिया में फैली है। बिहार के राज्यपाल लालजी टंडन ने कहा कि अयोध्या पूरे देश का गौरव है और मुख्यमंत्री इसे और आगे बढ़ा रहे हैं। इस अवसर पर पर्यटन मंत्री डॉ. रीता बहुगुणा जोशी, विदेश राज्यमंत्री वीके सिंह ने भी लोगों को संबोधित किया।