सूर्यनाथ रहेंगे अध्यक्ष, नन्हें बने मंडलीय उपाध्यक्ष
भारतीय किसान यूनियन के दोनों गुट एक हो गए हैं। यूनियन के प्रांतीय अध्यक्ष राजवीर सिंह यादव के निर्देश पर दोनों एक हुए। सूर्यकुंड पर 24 अक्टूबर को प्रस्तावित किसान महापंचायत को सफल बनाने का निर्देश प्रांतीय अध्यक्ष ने दिया है.
अयोध्या: भारतीय किसान यूनियन के दोनों गुट एक हो गए हैं। यूनियन के प्रांतीय अध्यक्ष राजवीर सिंह यादव के निर्देश पर दोनों एक हुए। सूर्यकुंड पर 24 अक्टूबर को प्रस्तावित किसान महापंचायत को सफल बनाने का निर्देश प्रांतीय अध्यक्ष ने दिया है। रविवार को दोनों गुटों के पदाधिकारी हेमूकालाणी पार्क में लंबे समय बाद एक साथ दिखे। इससे पहले दोनों गुट अलग-अलग कार्यक्रम कर ताकत दिखाते रहे। सूर्यनाथ वर्मा जिलाध्यक्ष बने रहेंगे। दूसरे गुट के जिलाध्यक्ष नन्हे सिंह मंडल उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालेंगे। नन्हे सिंह को यूनियन के राष्ट्रीय सचिव घनश्याम वर्मा का नजदीकी माना जाता है। दूसरे गुट से नजदीकी रखने वाले प्रदेश संगठन मंत्री देवनारायन यादव भी बैठक में शामिल हुए। जिलाध्यक्ष के अनुसार किसान महापंचायत की तैयारी के लिए बैठक 21 अक्टूबर को सुबह 11 बजे हेमूकालाणी पार्क में होगी। बैठक में जिला व मंडल कमेटी के पदाधिकारी शामिल होंगे। इससे पहले संगठन में एकाधिकार की लड़ाई में यूनियन के पदाधिकारियों का अलग-अलग राग रहा। बैठक में अभयराज ब्रह्मचारी, नन्हें सिंह, श्रीराम वर्मा, जिलाध्यक्ष सूर्यनाथ वर्मा, फूलचंद्र यादव, डॉ. आरएस सरोज, फरीद अहमद, शिवप्रसाद पांडेय, डॉ. रामजनम वर्मा, दशरथ सिंह, जगतपाल सिंह, राजेश मिश्र, वेदप्रकाश पांडेय, बाबूराम तिवारी, लल्लू उपाध्याय, जगदंबाप्रसाद वर्मा आदि शामिल रहे।