बेतवा नाला पुल का अधूरा निर्माण दे रहा हादसे को निमंत्रण
दो विधानसभा क्षेत्रों को जोड़ने वाला बेतवा नाले पर लघु सेतु का निर्माण आधा अधूरा किया गया है। पुल के किसी भी तरफ एप्रोच मार्ग नहीं बनाया गया है और न ही मिट्टी पटाई का कार्य हुआ। बेतवा नाला दुर्घटना का सबब बना हुआ है। शायद कार्यदायी संस्था को बड़ी दुर्घटना का इंतजार है।
रुदौली (अयोध्या) : दो विधानसभा क्षेत्रों को जोड़ने वाला बेतवा नाला पर लघु सेतु का निर्माण अधूरा है। पुल के किसी भी तरफ एप्रोच मार्ग नहीं है। न ही मिट्टी की पटाई। बेतवा नाला दुर्घटना का सबब बना हुआ है। कार्यदायी संस्था को बड़ी दुर्घटना का इंतजार है। आए दिन यहां पर दुर्घटनाएं हो रही हैं। फिर भी कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग चेतने को तैयार नहीं है। यह मार्ग रुदौली से अमानीगंज व मिल्कीपुर को जोड़ता है। सैदपुर सहित मां कामाख्या भवानी आवागमन का प्रमुख मार्ग है। दो दिन पूर्व नैयामऊ निवासी विशाल गोस्वामी गंभीर रूप से घायल हो गया। उनका इलाज सीएचसी पर चल रहा है।
सैदपुर से अमानीगंज को जोड़ने वाला यह पुल एक वर्ष पहले तेज बारिश से धंस गया था। पुल धंसने से आवागमन बंद हो गया। विधायक रामचंद्र यादव के निर्देश पर बेतवा नाला पर लघु सेतु बनाया गया। पुल तो बन गया मगर एप्रोच मार्ग नहीं बना। ग्रामीण राकेश तिवारी, प्रवेश पांडेय, शीतला प्रसाद शुक्ल आदि ने बताया कि पुल पर आवागमन बंद होने से अमानीगंज पहुंचने के लिए दस किमी फालतू दूरी तय करनी पड़ रही है। गत माह विधायक ने मरम्मत के निर्देश दिया था। अधूरे कार्य को पूरा करने को कहा था। विभागीय लापरवाही के चलते कार्य शुरू नहीं हो सका। भाजपा नेता करिया शुक्ल ने कार्यदायी संस्था की शिकायत विधायक व डीएम से की है।