गरिमा के अनुरूप स्वच्छ और सुंदर बनाएंगे अयोध्या को
नवागत नगर आयुक्त विशाल सिंह ने संभाला प्रभार
अयोध्या: रामनगरी को उसकी गरिमा के अनुरूप स्वच्छ और सुंदर बनाया जाएगा। पहले के अधिकारियों ने इस दिशा में काफी बेहतर प्रयास किया है, जिसे और गति प्रदान की जाएगी, जहां सुधार की गुंजाइश होगी वहां सुधार कराया जाएगा। यह कहना है अयोध्या नगर निगम ने नवागत नगर आयुक्त विशाल सिंह का।
काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सिंह काशी विश्वनाथ के कार्यपालक अधिकारी भी रह चुके हैं। भारत सरकार के लिए भी तीन साल तक अपनी सेवाएं दे चुके विशाल सिंह के लिए बतौर नगर आयुक्त यह पहला मौका है। उन्होंने कहा कि रामनगरी को पर्यटन के मानचित्र पर स्थापित करने के लिए सरकार ने जो भी योजनाएं बनाई हैं, उन्हें प्राथमिकता से पूरा कराया जाएगा। रामनगरी के विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। जनता की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा। जनता की समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण कराएंगे। वह शुक्रवार की रात को ही अयोध्या पहुंच गए थे।
शनिवार को उन्होंने रामनगरी में दर्शन पूजन के उपरांत निवर्तमान नगर आयुक्त डॉ. नीरज शुक्ल से कार्यभार प्राप्त किया। पीसीएस संवर्ग के विशाल सिंह बनारस विकास प्राधिकरण के सचिव भी रह चुके हैं। सरकार ने नगर आयुक्त के साथ अयोध्या विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष की भी जिम्मेदारी देकर उन्हें रामनगरी भेजा है। हालांकि अयोध्या के विकास के साथ ही नवागत नगर आयुक्त के सामने शहर में कोरोना की रफ्तार को थामने की भी बड़ी चुनौती है। शहर में सैनिटाइजेशन लगभग थम चुका है। कोरोना की जांच के लिए भी शहर में व्यापक स्तर पर अभियान की जरूरत है।