Shri Ram Mandir: सरहद से ही होगा रामनगरी की दिव्यता का एहसास
Shri Ram Mandir रामनगरी के प्रवेश द्वारों पर थ्री-डी इमेज में दिखेगी अयोध्या की सांस्कृतिक विरासत की झलक।
अयोध्या [रविप्रकाश श्रीवास्तव]। अयोध्या को संवारने की श्रृंखला में एक और कड़ी का इजाफा हुआ है। रामनगरी आने वालों को नगर की सीमा से ही अयोध्या की दिव्यता का एहसास होगा। राममंदिर निर्माण की बेला में नव्य अयोध्या के लिए बन रहे प्लान में रामनगरी के प्रवेश द्वारों को भी खूबसूरत बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। जुड़वा शहरों में चार प्रवेश द्वार चिह्नित कर लिए गए हैं। अयोध्या की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाने के लिए थ्री-डी इमेज का प्रयोग किया जाएगा। नगर निगम ने इस योजना का खाका तैयार कर लिया है। इन स्थानों पर खूबसूरत लाइटिंग के लिए स्मार्ट एलईडी का इस्तेमाल होगा। इसके अलावा बस यात्रियों के लिए स्मार्ट शेल्टर विकसित किया जाएगा।
इस प्रस्ताव को महापौर रिषीकेश उपाध्याय व उच्चाधिकारियों ने भी गंभीरता से लिया है। इस कार्य में लोकनिर्माण विभाग को भी शामिल किया गया है। एक गेट के सुंदरीकरण पर अनुमानित खर्च एक करोड़ रुपये है। इस दृष्टि से चार करोड़ से अधिक की यह योजना होगी।
सुदंरीकरण के लिए चिह्नित इंट्रेंस प्वाइंट
- सआदतगंज
- नवीन मंडी
- नाका
- नयाघाट
डिजिटल स्क्रीन पर दिखेंगे धार्मिक आयोजन
स्मार्ट अयोध्या में एक और सुविधा लोगों को मिलेगी। अयोध्या में होने वाले धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजनों का प्रचार-प्रसार करने के लिए प्रमुख स्थानों पर डिजिटल स्क्रीन लगाई जाएगी। इन स्क्रीनों पर रामायण भी देखने को मिलेगी।
नगर निगम के नगर आयुक्त का क्या कहना है ?
अयोध्या नगर निगम के नगर आयुक्त डॉ. नीरज शुक्ल के मुताबिक, रामनगरी के विकास को लेकर तैयार की गई योजना में शहर के इंट्रेंस प्वाइंट को विकसित किया जाना शामिल हैं। महापौर व उच्चाधिकारियों के मार्गदर्शन में इन प्रवेश द्वारों को सुंदर बनाया जाएगा।