धूप से मामूली राहत पर गलन बरकरार
फैजाबाद : बुधवार को अपराह्न दो बजे सूर्य देव के दर्शन देने से ठंड के सितम से लोगों को मामूली राहत म
फैजाबाद : बुधवार को अपराह्न दो बजे सूर्य देव के दर्शन देने से ठंड के सितम से लोगों को मामूली राहत मिली। इसके बाद धूप सेकने के लिए लोग पार्कों व घरों के छत पर बैठे नजर आए। हालांकि शाम ढलते ही गलन ने अपना प्रकोप बढ़ाया तो लोग परेशान हो उठे। मंगलवार की रात्रि भारी कुहरा छाया रहा। आसमान से बूंद टपकती रही। बुधवार को सुबह कोहरा छाया होने की वजह से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई। दोपहर तक कोहरा छाया रहा। बाद में इसके छंटने व सूर्य के निकलने से लोगों ने राहत महसूस की। अधिकतम तापमान में मामूली तो न्यूनतम तापमान में साढ़े तीन डिग्री सेल्सियस बढ़ोत्तरी मापी गई।
सोमवार को जहां गुनगुनी धूप के बाद मंगलवार को मौसम का मिजाज फिर अचानक बदल गया। मंगलवार को दिनभर कोहरा छाया रहा। दिन में निकली मामूली धूप निष्प्रभावी रही। बुधवार को धूप की वजह से तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 17.5 व न्यूनतम साढ़े छह डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम आर्द्रता 97 व न्यूनतम 70 फीसदी रही। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार चार-पांच दिन बाद ही ठंड से राहत मिल सकेगी। नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आगामी 21 जनवरी तक ठंड से राहत नहीं मिलेगी। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बर्फीली हवाएं वातावरण में गलन व ठिठुरन बरकरार रहेगी।